फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र में मंगलवार रात करीब 10 बजे महिला (38) को देवर-ननद समेत 15 लोगों ने बंधक बना लिया। आरोपियों ने पति-बच्चों के सामने ही उसकी निर्वस्त्र कर जमकर पिटाई की। विरोध करने पर पति व दो बेटों की भी पिटाई कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को उपचार के लिए बीके अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। पीड़िता की शिकायत पर छेड़छाड़ समेत आईपीसी की नौ धाराओं में केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है।
पीड़िता के अनुसार वह यूपी के सहारनपुर की रहने वाली है। उसका गांव में जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। बीते दिनों गांव में जमीन के बंटवारे को लेकर देवर, ननद व पति के भाइयों के साथ मारपीट हो चुकी है। आरोप है कि आरोपी ने उसके साथ गांव में भी मारपीट की थी। पीड़िता के अनुसार मंगलवार को उसकी तबीयत खराब थी। ऐसे में वह रात को बाहर से खाना मंगवाकर परिवार समेत घर में खाना खा रहे थे।
इस दौरान फरीदाबाद में रह रहे उनके देवर, ननद और अन्य रिश्तेदार मिलाकर करीब 10-15 लोग घर पर आ धमके। सभी ने पीड़िता को परिवार समेत बंधक बना लिया। इस दौरान सभी ने मारपीट शुरू कर दी। पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया है कि आरोपियों ने उसे बेटे व पति के सामने कपड़े फाड़ दिए और निर्वस्त्र कर मारपीट शुरू कर दी। उसके प्राइवेट पार्ट पर भी लाठी-डंडों से कई वार किए।
मारपीट में पिता-बेटे हो गए घायल
पीड़िता के अनुसार मारपीट में पति समेत उसके दोनों बेटे भी घायल हो गए। करीब एक घंटे से अधिक समय तक मारपीट करने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को बीके अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक इलाज के बाद सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
पीड़िता की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। -योगेश कटारिया, पल्ला थाना प्रभारी