शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रेणू शेखावत के अनुसार, एकता नगर निवासी पुष्पा उर्फ प्रीति ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसके पति राकेश बस चालक हैं, इसलिए ज्यादातर बाहर रहते हैं। वह चार महीने की गर्भवती है। उसकी जेठानी व देवर उसका घर बसने नहीं देते। बीती 15 अप्रैल की दोपहर वह अपने घर पर थी, तभी देवर भोला व जेठानी मीना उसके कमरे में घुस आए और उसके मुंह पर कपड़ा बांध दिया।
दोनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और उसके पेट पर कई वार किए। देवर ने उसका गला दबा दिया, जिससे वह बेसुध होने लगी। इस दौरान दोनों ने उसको कुछ पिला दिया। आरोपी उसके कमरे से दो सोने की चूड़ियां व 15 हजार रुपये निकालकर ले गए। उनके जाने के बाद उसके पेट में दर्द होने लगा। पड़ोसी उसे अस्पताल ले गया, जहां उसका गर्भपात हो गया।
शिकायत में कहा गया कि बीते साल दिसंबर महीने में भी जब वह ढाई माह की गर्भवती थी तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर पेट पर कई वार किए थे, जिससे उसका गर्भपात हो गया था। आरोपियों ने उसके बेटे विवेक के साथ भी गाली-गलौज की और पति को झूठे केस में फंसाने की धमकी दी थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।