विकास की राह पर लगा ब्रेक, धूल और मिट्टी बढ़ा रहे प्रदूषण का स्तर
न्यू अशोक नगर में सड़क के नाम पर धूल और पत्थर के अवशेष
संवाद न्यूज एजेंसी
पूर्वी दिल्ली। न्यू अशोक नगर क्षेत्र की सड़कों में गड्ढे ही गड्ढे हैं। इस वजह से लोगों को आवाजाही करने में परेशानी होती है। कच्ची सड़क होने की वजह से धूल और मिट्टी उड़ रही है। इससे इलाके में प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा है। लोगों ने कहा कि टूटी सड़कों की वजह से क्षेत्र में विकास की राह पर ब्रेक लग गया है।
लोगों ने कहा कि ए ब्लॉक, बी ब्लॉक, सी ब्लॉक, डी ब्लॉक और ई ब्लॉक की सड़कों की स्थिति इतनी दयनीय है कि उन्हें देखकर यह पता लगाना मुश्किल हो जाता है कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़कें हैं। इन ब्लॉकों की सड़कें गहरे गड्ढों और उखड़ी हुई बजरी से भरी पड़ी हैं, जो एक बड़े खतरे का सबब बनी हुई हैं। सड़क के नाम पर सिर्फ धूल और पत्थरों का जमावड़ा शेष रह गया है। यह स्थिति पूरे क्षेत्र की है। लोगों ने बताया कि आए दिन लोग गड्ढों की वजह से फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। इसके अलावा बरसात के दिनों में सड़कें तालाब में तब्दील हो जाती हैं। लोगों का आरोप है कि कई वर्षों से इन सड़कों की मरम्मत और रखरखाव का काम नहीं हुआ है। बार-बार शिकायतें करने के बावजूद भी संबंधित विभाग इस गंभीर समस्या पर ध्यान नहीं दे रहा है।
लोगों से बातचीत
सड़क को देखकर लगता ही नहीं है कि यह सड़क है। सड़कों में बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिसकी वजह से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
- प्रियांशु, राहगीर
तकसाल रोड से लेकर नाला वाला रोड तक सड़क में बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इन सड़कों पर वाहन चलाना सबसे बड़ी चुनौती है। कई वर्षों से यहां सड़कें नहीं बनी हैं।
- रंजन चौहान, निवासी