अहीरधाम को राष्ट्रीय शौर्य स्थल बनाने और शौर्यगाथा पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध में रेजांगला की लड़ाई में अदम्य साहस और पराक्रम दिखाने वाले वीर अहीर सैनिकों की शौर्यगाथा को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए 18 नवंबर को देशभर का यादव समाज दिल्ली में जुटेगा। श्री कृष्णा यादव महासभा की ओर से तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित रेजांगला शौर्य दिवस समारोह में शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ केंद्र सरकार से उनकी वीरगाथा को राष्ट्रीय पाठ्यक्रम में शामिल करने और रेजांगला में राष्ट्रीय शौर्य स्थल 'अहीरधाम' विकसित करने की मांग उठाई जाएगी। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। संवाददाता सम्मेलन में महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश यादव ने कहा कि रेजांगला का युद्ध भारतीय सैन्य इतिहास में साहस और सर्वोच्च बलिदान का गौरवशाली अध्याय है। इसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि वीर अहीर सैनिकों के शौर्य और बलिदान को वह राष्ट्रीय सम्मान मिलना चाहिए, जिसके वे हकदार हैं। वहीं राष्ट्रीय मीडिया कोऑर्डिनेटर थान सिंह यादव ने बताया कि समारोह में विभिन्न राज्यों से समाज के प्रतिनिधि शामिल होंगे। संगठन महासचिव हेमंत यादव ने कहा कि रेजांगला की वीरगाथा पूरे देश की सैन्य विरासत है।