गाजीपुर इलाके में 12 वर्षीय बच्चे को ई-सिगरेट बेचने वाले एक दुकानदार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल दुकानदार के उकसाने पर बच्चा सिगरेट को खरीदने के लिए अपने मां की पर्स से एक हजार रुपये चोरी करके लाया था।
इस बात की जानकारी मिलने के बाद महिला ने थाने में इसकी शिकायत कर दी। पुलिस ने बच्चे के खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और दुकानदार को बच्चों को नशीला पदार्थ बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दुकानदार की पहचान राजवीर कालोनी निवासी चंपालाल (64) के रूप में हुई है। वह स्टेशनरी की आड़ में ई-सिगरेट बेचता था। महिला अपने परिवार के साथ गाजीपुर इलाके में रहती है। उसके 10 और 12 साल के दो बेटे हैं। गुरुवार को महिला ने गाजीपुर थाने में दी शिकायत में बताया कि उसके पर्स से एक हजार रुपये चोरी हो गए थे।
बड़े बेटे से पूछताछ की। वह ठीक से जवाब नहीं दे पाया। जब उसके बैग की तलाशी ली जो उसमें से दो ई-सिगरेट मिले। कड़ाई करने पर बताया कि दुकानदार ने उसे ई-सिगरेट पीने के तरीके की जानकारी दी। बच्चे के पास पैसे नहीं थे, इसलिए उसने एक हजार रुपये की चोरी कर ली।
नाबालिग को नशीला पदार्थ बेचने वाला दुकानदार गिरफ्तार
नई दिल्ली। शाहदरा थाना पुलिस ने एक नाबालिग को नशीला पदार्थ बेचने वाले दुकानदार को गिरफ्तार किया है। दरअसल पुलिस ने विकास मॉल के पास एक नाबालिग को नशा करते हुए पकड़ा। पूछताछ में पता चला कि वह एक दुकानदार से नशे का सामान खरीदता है। पुलिस ने आरोपी दुकानदार तनुज हांडा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि बुधवार रात 13 साल का किशोर पुलिसकर्मी के पहुंचते ही भागने लगा। पुलिस ने पकड़कर उसका मेडिकल करवाया। जिसमें नशा करने की पुष्टि हुई। पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि नशे वाला ट्यूब रेलवे रोड स्थित एक दुकान से 80 रुपये में खरीदे हैं। नाबालिग को सुधार गृह भेज दिया है।