फरीदाबाद के खेड़ा गांव में रहने वाले कादिर खान ने कराटे की नेशनल चैंपियनशिप में अपने दमदार पंचों के जरिए रजत पदक पर कब्जा जमाया।
बुधवार को पदक के साथ गांव पहुंचे कादिर को सम्मानित किया गया और मिठाइयां बांटी गई। उनकी उपलब्धि से गांव में जश्न का माहौल है।
5-6 जून को गोवा में आयोजित 17वीं ऑल इंडिया वाडो काई कर्राटे नेशनल चैंपियनशिप में खेड़ा के कादिर ने भी हिस्सा लेकर बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया।
देश भर से आए सैकड़ों खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए उन्होंने पदक पर कब्जा जमाया। उनकी उपलब्धि पर आयोजित सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि वार्ड-एक के पार्षद जगन डागर रहे।
उन्होंने कादिर को बधाई देते हुए भविष्य में बेहतर खेल का प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दी। कादिर ने अपनी उपलब्धि का श्रेय परिवार और कोच बीबी राणा को दिया। इस मौके पर वीरेंद्र थापा, संजीव कुशवाहा, मनीष शर्मा, नितिन चौहान, कृष्ण पाठक एवं हर्ष तिवारी आदि उपस्थित रहे।