बॉयज लॉकर रूम’ चैट समूह मामले के संबंध में एक स्कूली छात्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही चैट ग्रुप के सभी सदस्यों की पहचान कर ली गई है। पुलिस ने कहा है कि इन सबकी जांच की जाएगी। वहीं, इस मामले पर इंस्टाग्राम की सफाई भी आ गई है।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की साइबर सेल ने ग्रुप के दस छात्रों की पहचान कर ली है। इन सभी को मंगलवार सुबह पूछताछ के लिए बुलाया और सभी से देर शाम तक पूछताछ की जा रही थी। सभी के मोबाइल को जब्त कर लिया गया है।
दिल्ली पुलिस ने इंस्टाग्राम को पत्र लिखकर ग्रुप के सदस्यों का आईपी एड्रेस मांगा है। दूसरी तरफ इंस्टाग्राम पर ग्रुप के एक छात्र द्वारा खुदकुशी की बात चल रही है। मगर दक्षिण जिला डीसीपी अतुल ठाकुर व साइबर सेल डीसीपी अन्येश रॉय ने इस तरह की जानकारी होने की बात से इंकार कर दिया।
साइबर सेल डीसीपी अन्येश रॉय ने बताया कि जिन दस छात्रों की पहचान की है उनमें से पांच बालिग है और पांच नाबालिग है। सभी के मोबाइल(डिवाइस)जब्त कर लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि ग्रुप में करीब 20 से 22 से सदस्य हैं। सभी दक्षिण दिल्ली ग्रेटर कैलाश, सीआर पार्क, साकेत आदि पॉश कॉलोनियों के रहने वाले हैं। ये लड़के दक्षिण दिल्ली व नई दिल्ली में स्थित अलग-अलग नामी प्राइवेट स्कूलों में पढ़ते हैं।
एक नाबालिग लड़के से सोमवार शाम को पूछताछ हुई थी। पूछताछ करने के बाद उसे उसके माता-पिता के हवाले कर दिया गया। उसे जल्द ही जुबेनाइल कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस ये पता कर रही है कि ग्रुप का एडमिन कौन था।
साइबर सेल ने इंस्टाग्राम एडमिनिस्ट्रेशन को पत्र लिख इस ग्रुप के बारे में डिटेल मांगी है। साथ ही सभी आरोपी लड़कों के एकाउंट व आईपी एड्रेस मांगा है। पुलिस को अभी तक डिटेल नहीं मिली है। इसके अलावा पुलिस ने कुछ ग्रुप सदस्यों के परिजनों को भी पूछताछ के लिए बुलाया है। डीसीपी ने बताया कि जांच में ये बात सामने आई है कि बॉयज लॉकर रूम ग्रुप अप्रैल में बना था। अब ग्रुप के सभी लड़कों ने ग्रुप से बाहर निकलकर अपना एकाउंट बंद कर दिया है।
ज्यादातर लड़कों ने चैटिंग करने की बात से इंकार किया
ग्रुप के जिन लड़कों से पूछताछ हुई उनमें से ज्यादातर लड़कों ने कहा कि उन्हें ग्रुप में किसी तरह की चैटिंग नहीं की और न ही फोटो शेयर किए। हालांकि उन्होंने बताया कि ग्रुप के कुछ सदस्य इसमें अश्लील फोटो शेयर करते थे।
क्या हैं मामला
दरअसल इंस्टाग्राम व ट्विटर पर कुछ तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही थीं। तस्वीरों में लड़कियों को लेकर आपत्तिजनक बातें लिखी हुई थीं। इस पर लड़कियों की फोटो अपलोड की जाती थी और उनसे छेड़छाड़ करके उन पर अभद्र टिप्पणियां भी की जाती थीं। इनमें काफी लड़कियां 11 व 12 वीं कक्षा की छात्रा हैं। लड़कियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने की बात भी कही जाती थी। किसी लड़की के अभिभावक ने पुलिस को शिकायत नहीं की तो स्पेशल सेल की साइबर सेल ने स्वतऱ् संज्ञान लेते हुए सोमवार को आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था और जांच शुरू की थी।
इंस्टाग्राम ने जारी किया बयान
वही, इंस्टाग्राम ने मंगलवार को कहा कि विवाद के बाद उसने अपने प्लेटफॉर्म से इस चैट को हटा दिया है। एक बयान में इंस्टाग्राम ने कहा कि उनसे इस मुद्दे को बेहद गंभीरता से लिया है और उसका मानना है कि यूजर्स को सुरक्षित और सम्मानजनक तरीके से अपनी बात रखनी चाहिए।
सोमवार को दिल्ली महिला आयोग ने पुलिस और इंस्टाग्राम को नोटिस जारी कर इस मामले में जवाब मांगा था।