- साइबर सेल ने 10 छात्रों की पहचान की, सभी के मोबाइल जब्त
- पुलिस ने आईपी एड्रेस के लिए इंस्टाग्राम को पत्र लिखा
- ग्रुप में 20 से ज्यादा सदस्य हैं
- ग्रुप के एक छात्र द्वारा खुदकुशी की बात इंस्टाग्राम पर चल रही है
- पुलिस के अधिकारियों ने जानकारी होने से मना किया
इंस्टाग्राम पर बॉयज लॉकर रूम मामला दिल्ली ही नहीं बल्कि पूरे देश में तूल पकड़ता जा रहा है। इस बीच दिल्ली पुलिस को बुधवार को बड़ी सफलता मिली है, उसने ग्रुप के एडमिन को गिरफ्तार कर लिया है। अब पुलिस उससे पता लगाएगी कि इसके साथ-साथ कौन-कौन जुड़ा है।
विज्ञापन
पुलिस ने एडमिन की निशानदेही पर वो डिवाइस भी बरामद कर लिया है जिसकी मदद से ग्रुप चल रहा था। अब इन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।
मंगलवार को गिरफ्तार हुआ था एक नाबालिग सदस्य
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की साइबर सेल ने ग्रुप के दस छात्रों की पहचान कर ली है। इन सभी को मंगलवार सुबह पूछताछ के लिए बुलाया और सभी से देर शाम तक पूछताछ की जा रही थी। सभी के मोबाइल को जब्त कर लिया गया है।
दिल्ली पुलिस ने इंस्टाग्राम को पत्र लिखकर ग्रुप के सदस्यों का आईपी एड्रेस मांगा है। दूसरी तरफ इंस्टाग्राम पर ग्रुप के एक छात्र द्वारा खुदकुशी की बात चल रही है। मगर दक्षिण जिला डीसीपी अतुल ठाकुर व साइबर सेल डीसीपी अन्येश रॉय ने इस तरह की जानकारी होने की बात से इनकार कर दिया था।