गौतमबुद्ध नगर जिले के ग्रेटर नोएडा के कुलेसरा गांव से लापता 18 वर्षीय युवती शिवानी का शव मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया। शिवानी 30 अक्तूबर को परिजनों के मोबाइल पर, 'मैं जा रही हूं मेरी तलाश मत करना' ऐसा मैसेज करके निकली थी। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस प्रथम दृष्टया खुदकुशी का मामला मानकर मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि शिवानी बीमार भी चल रही थी।
पुलिस के मुताबिक, थाना इकोटेक-3 क्षेत्र के अंतर्गत हिंडन नदी में एक युवती के शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव का पंचायतनामा भर आवश्यक कार्रवाई की गई। मृतका के संबंध में थाना इकोटेक-3 पर गुमशुदगी दर्ज है। मृतका आत्महत्या के संबंध में अपने घर पर सुसाइड नोट छोड़कर गई थी। पुलिस द्वारा जांच एवं अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।