दिल्ली के राजौरी गार्डन इलाके में 8 अगस्त को एक 19 वर्षीय युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। यह घटना तब सामने आई जब नियमित गश्त पर तैनात हेड कांस्टेबल अवधेश ने राजौरी गार्डन मेट्रो स्टेशन (पिंक लाइन) के पास एक युवती का शव देखा।
डीसीपी वेस्ट डिस्ट्रिक्ट, हरेश्वर वी स्वामी के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस स्टेशन राजौरी गार्डन में मामला दर्ज किया गया। तुरंत मौके पर पहुंची क्राइम टीम और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। जांच के दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में किसी भी तरह के संदिग्ध या अनैतिक गतिविधियों के सबूत नहीं मिले हैं, जिससे यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
मृतक युवती की पहचान आरिया भट्ट कॉलेज, दिल्ली में बीए तृतीय वर्ष की छात्रा के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।