गाजियाबाद में वीवीआईपी की मौजूदगी और चप्पे-चप्पे पर पुलिस की चेकिंग के बीच बुधवार रात कविनगर क्षेत्र के पॉश इलाके में बीएमडब्ल्यू सवार युवकों ने सरेआम फायरिंग कर दहशत फैला दी। अवंतिका में फायरिंग करने के बाद बेखौफ युवक सेक्टर-10 राजनगर में घुस गए और वहां भी फायरिंग की।
कार सवार युवकों ने महिला के साथ जा रहे बाइक सवार के साथ छींटाकशी की। युवक ने विरोध किया तो कार सवारों ने उस पर गोली चला दी। घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस दौड़ पड़ी। एसएसपी ने शहर में नाकाबंदी कर आरोपियों की धरपकड़ के आदेश दिए।
बता दें कि नेहरूनगर में आरएसएस की कार्यसमिति की बैठक चल रही है। इसमें भाग लेने के लिए सरसंघचालक मोहन भागवत समेत तमाम बड़ी हस्तियां शहर में मौजूद हैं। उनकी सुरक्षा की दृष्टि और दिल्ली में आतंकियों के पकड़े जाने के बाद जिला पुलिस अलर्ट मोड पर है।
इसके बावजूद बुधवार रात सफेद रंग की बीएमडब्ल्यू कार में सवार युवकों ने कविनगर क्षेत्र के पॉश इलाके में दबंगई दिखाते हुए कई स्थानों पर फायरिंग की। अवंतिका में फायरिंग करने के बाद आरोपियों ने सेक्टर-10 राजनगर में अपनी कार मोड़ दी।