मध्य दिल्ली के दरियागंज इलाके में रविवार आधी रात को एक बीएमडब्ल्यू कार बेकाबू होकर पलट गई। कार ने एक के बाद एक कई कलाबाजियां खाई। गनीमत यह रही कि हादसे के समय कार के आसपास कोई दूसरा वाहन मौजूद नहीं था। कार में एयरबैग खुलने की वजह से चालक की जान भी बच गई। राहगीरों ने उसे कार से बाहर निकाला। बाद में खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने छानबीन के बाद कार को क्रेन की मदद से सड़क से हटाकर कब्जे में ले लिया। शुरुआती जांच के बाद पलिस को पता चला है कि टायर फटने की वजह से हादसा हुआ। चूंकि कार की रफ्तार काफी तेज थी, ऐसे में कार टायर फटते ही पलट गई। मध्य जिला पुलिस उपायुक्त संजय कुमार सेन ने बताया कि रविवार देर रात करीब 1.20 बजे उनकी टीम को सूचना मिली कि रिंग रोड राजघाट डिपो के पीछे एक कार पलट गई है। सूचना मिलते ही पीसीआर के अलावा दरियागंज थाने का पुलिस स्टाफ वहां पहुंच गया। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही राहगीरों ने चालक को कार से बाहर निकाल लिया था।
पूछताछ के दौरान कार चालक आशुतोष गोयल ने बताया कि वह परिवार के साथ ग्रेटर कैलाश इलाके में रहता है। रविवार को वह अपने दोस्त को छोड़ने के लिए टैगोर गार्डन गया था। वहां से वापस घर लौटते समय उसकी गाड़ी का टायर फट गया। कार की रफ्तर तेज थी। इसलिए कार पलट गई। काफी दूर तक कार रगड़ खाती चली गई। बाद में एक बिजली के खंभे से टकराकर कार रुकी। राहगीरों ने हादसे के बाद अपने वाहन रोके और आशुतोष को बाहर निकाला। हादसे के बाद वह बुरी तरह डरा हुआ था। हालांकि उसको मामूली खरोंचे ही आई थी।
सूत्रों का कहना है कि कार का एयरबैग खुलने की वजह से उसकी चोट नहीं लगी। वहीं यह भी गनीमत रही कि हादसे के समय आशुतोष की कार के आसपास कोई दोपहिया वाहन या कार नहीं थी। यदि ऐसा होता तो हादसा बड़ा हो सकता था। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से मामले की जांच कर रही है। आशुतोष का बयान ले लिया गया है।