निवाड़ी थाना क्षेत्र के गांव खिंदौड़ा में हुए बवाल के बाद पुलिस कार्रवाई का विरोध जताने को छत्तीस जाति के लोग रविवार को बम्हैटा में पंचायत करने जा रहे हैं। इसके लिए गुपचुप तरीके से तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं।
उधर डीएम विमल कुमार शर्मा ने इस मामले की भनक लगते ही खुफिया विभाग के अलावा पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों को अलर्ट कर दिया है। शनिवार रात से ही बम्हैटा गांव में पुलिस-प्रशासन के आलाधिकारी कैंप किए हुए हैं।
डीएम विमल कुमार शर्मा और एसएसपी धर्मेंद्र सिंह का कहना है कि किसी भी हालत में लोगों को भड़काऊ कार्य नहीं करने दिया जाएगा। उनके पास जानकारी है कि कुछ लोग एकत्र होंगे।
एकत्र होना अलग बात है, लेकिन अगर किसी ने भड़काऊ बात करने का प्रयास किया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने बताया कि उन्होंने एडीएम सिटी रक्षपाल सिंह के अलावा पुलिस-प्रशासन के कई अधिकारियों की ड्यूटी रात से ही लगा दी है।
बता दें कि विगत दिनों निवाड़ी थाना क्षेत्र के गांव खिंदौड़ा में एक मंदिर में हो रही बैठक के दौरान पुलिस-पब्लिक के बीच जमकर मारपीट हुई थी।
डासना देवी मंदिर के महंत यति नरसिंहानंद सरस्वती और भाजपा नेता सुधीर चौधरी समेत कई लोगों को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज की गई है।