पिनगवां।
चांदडाका गांव में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत बीएलओ सुरेंद्र कुमार द्वारा व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। वे घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं को एसआईआर-2026 फॉर्म भरने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, पात्रता और समय-सीमा की जानकारी दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही और अद्यतन रूप से दर्ज करना है, ताकि कोई भी मतदाता अपने लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित न रहे।
बीएलओ ने ग्रामीणों से समय पर फॉर्म भरने तथा किसी भी त्रुटि या समस्या होने पर तुरंत संपर्क करने की अपील की। अभियान के दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन और सत्यापन की प्रक्रिया के बारे में भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। साथ ही मतदान के महत्व और लोकतंत्र में प्रत्येक मतदाता की भूमिका पर भी प्रकाश डाला जा रहा है।अभियान को गांव के इमरान रहमान, मुश्ताक अनवर, माजिद रशीद, मौसम हारून, अकरम शरीफ, साहिब हबीब, नासिर शरीफ सहित कई सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों का सहयोग मिल रहा है। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि घर-घर जानकारी मिलने से लोगों को काफी सुविधा हो रही है और अभियान से निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ है।