छलेरा में रहने वाली युवती ने अपने सहकर्मी पर धोखे से शादी कर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। थाना सेक्टर-39 पुलिस ने ग्रेटर नोएडा निवासी आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि नोएडा स्थित आईटी कंपनी में उसके साथ काम करने वाले कुलदीप कौशिक ने 7 मार्च को उसे नशीला पदार्थ खिला दिया, जिससे वह होश खो बैठी। आरोप है कि कुलदीप युवती को सेक्टर-99 स्थित आर्य समाज मंदिर ले गया और वहां उसने युवती की मर्जी के बगैर उससे शादी कर ली।
युवक ने साथी की मदद से शादी के फोटो खिंचवाए। काफी दिन बीतने के बाद युवक उसे फोटो दिखाकर ब्लैकमेल करने लगा। यही नहीं परिजनों से बताने पर उसने युवती को जान से मारने व फोटो को सार्वजनिक करने की धमकी भी दी। युवती की शिकायत पर पुलिस मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है।