दिल्ली भाजपा युवा मोर्चा ने बेहतर और सुरक्षित भारत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने की शपथ ली। नेशन विद नमो के वॉलंटियर्स ने आरके पुरम स्थित सिनेमा हॉल में उरी-द सर्जिकल स्ट्राइक फिल्म देखने के बाद संकल्प लिया कि केंद्र सरकार की नीतियों से लोगों को अवगत कराएंगे। मोर्चा के अध्यक्ष सुनील यादव ने इस मौके पर बताया कि 7000 से अधिक युवाओं से नेशन विद नमो अभियान के लिए संपर्क साधा गया है। ब्यूरो
एतिहासिक समारोह का आयोजन करेगी भाजपा
गणतंत्र दिवस के मौके पर नए राष्ट्रीय राजमार्ग के शिलान्यास को भाजपा ऐतिहासिक समारोह का रंग देगी। इस कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए प्रदेश भाजपा ने बैठक कर खाका तैयार किया है। इसका आयोजन पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास में किया जाएगा। इसी समारोह में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी अक्षरधाम से सहारनपुर को जोड़ने वाले नए राष्ट्रीय राजमार्ग की नींव रखेंगे।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि उत्तर पूर्वी दिल्ली संसदीय क्षेत्र अति पिछड़ा होने के साथ उपेक्षित भी रहा है। भाजपा सरकार द्वारा इस इलाके से जुड़ने वाली एलिवेटेड रोड बनाने के निर्णय से दिल्ली को जाम से मुक्ति मिलेगी।