भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 70वां जन्मदिन इंडिया गेट पर मनाया। इस मौके पर पार्टी के नेता श्याम जाजू भी मौजूद रहे।
उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 70वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में भाजपा सेवा सप्ताह का आयोजन कर रही है। 20 सितंबर तक चलने वाले इस सेवा सप्ताह के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता पौधारोपण, पल्स ऑक्सीमीटर, दिव्यांग जनों को व्हील चेयर, बधिरजनों को कानों की मशीन वितरित कर रहे हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बृहस्पतिवार को राणा प्रताप बाग स्थित महावीर जैन स्कूल में आयोजित सेवा सप्ताह में हिस्सा लेंगे और जरूरतमंदों के बीच उनके जरूरत की वस्तुएं वितरित करेंगे।
प्रदेश भाजपा महामंत्री राजेश भाटिया व राष्ट्रीय मंत्री सुनील देवधर ने मीडिया से बातचीत में बताया कि जिस व्यक्ति ने अपना सारा जीवन देश सेवा के लिए अर्पण किया। जिन्होंने कभी अपना जन्मदिन नहीं मनाया। ऐसे सेवा भाव में समर्पित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए देशभर के भाजपा कार्यकर्ता सेवा सप्ताह का आयोजन कर रहे हैं।
आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत जरूरतमंदों को रोजगार बढ़ाने के लिए फल और सब्जियों के साथ रेहड़ी-ठेला भी देंगे। युवा मोर्चा की तरफ से रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। मेधावी 70 बच्चों की स्कूल फीस भाजपा कार्यकर्ता देंगे। 20 सितंबर को वर्चुअल रैली के माध्यम से भाजपा पदाधिकारी संबोधित करेंगे।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने बयान जारी कर कहा कि लोगों की सुरक्षा के लिए लगाए सीसीटीवी कैमरों की सुरक्षा भी केजरीवाल सरकार नहीं कर पा रही है। बिना लेआउट प्लान के ही कैमरे लगा कर पैसों की बर्बादी की गई है। एक रिपोर्ट के आधार पर कहा कि पीडब्ल्यूडी के अनुसार कई स्थानों से सीसीटीवी गायब हैं।
इसके साथ ही 1230 हार्ड डिस्क, 145 एनवीआर, 108 सिम कार्ड और 31 पीयूएस भी चोरी हो गये हैं। सवाल पूछा कि ऐसे सीसीटीवी का फायदा जो निगरानी के काम न आ पाए ? क्यों जनता के पैसों को इस तरह बर्बाद किया गया?