महिलाओं के मुद्दे पर भाजपा ने अपनी महिला ब्रिगेड को पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ उतार दिया है। महिला अदालत के मंच पर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और केजरीवाल के सहयोगी विभव कुमार को बैठाने के खिलाफ महिला सांसदों के नेतृत्व में जमकर विरोध प्रदर्शन किया और महिला विरोधी करार दिया। प्रदर्शनकारी महिलाएं मांग कर रही थीं कि केजरीवाल दिल्ली में महिलाओं को सम्मान देना चाहते हैं तो महिला विरोधी मानसिकता वालों को पार्टी से बाहर करें। महिला आयोग अध्यक्ष की खाली कुर्सी को भरें।
इस मौके पर भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत ने कहा कि अरविंद केजरीवाल सबसे पहले अपने सहयोगी विभव कुमार को पार्टी से बाहर करें। उनपर अपनी ही पार्टी की स्वाति मालीवाल के साथ मारपीट करने का आरोप है। साथ ही अखिलेश यादव के पिता मुलायम सिंह यादव ने महिलाओं के लिए अपमानजनक जो बयान दिया था उसके लिए वह देश भर की महिलाओं से माफी मांगे। केजरीवाल ने शराब को बढ़ावा दिया जिससे घरों का सामंजस्य बिगड़ गया।
सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि केजरीवाल एक ऐसे मुख्यमंत्री हैं जो एक महिला विरोधी सहयोगी को साथ रखते हैं और उसी मंच से महिला सम्मान की बात करते हैं। पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार है और वहां महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहा है। पंजाब की बहनों के खाते में एक रुपया नहीं पहुंचा है। दिल्ली के मंच से महिला सम्मान की और भत्ता देने की बातें कर रहे हैं। प्रदर्शन में महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री सोना कुमारी, महामंत्री प्रियल भारद्वाल, वैशाली पोद्दार, अपर्णा गोयल, युवा मोर्चा उपाध्यक्ष जाह्नवी गंगवानी व वर्तिका उपाध्याय सहित महिला मोर्चा की कार्यकर्ता उपस्थित रही।
स्वाति मालीवाल को न्याय मिलता तो महिला अदालत सार्थक होती-सचदेवा
प्रदेश भाजपा ने आम आदमी पार्टी के महिला अदालत पर तंज कसा है। कहा है कि जिस मंच से महिला सम्मान की बड़ी-बड़ी बातें की गईं, उस मंच पर बैठे लोग व उनके परिवार पर ही महिला अपमान को बढ़ावा देने का आरोप है। चाहें व पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हो या फिर समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि महिला अदालत लगाने वाले अरविंद केजरीवाल काश अपने सहयोगी विभव कुमार को बाहर करके राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल को न्याय दे देते। विभव पर से अपनी चुप्पी तोड़ते। निर्भया दिवस कार्यक्रम में अखिलेश यादव को बुलाकर बहन निर्भया का अपमान करने का कोई कसर उन्होंने नहीं छोड़ा है। याद दिलाया कि अखिलेश यादव के पिता दिवंगत मुलायम सिंह यादव को कौन भूल सकता है जिन्होंने महिला उत्पीड़क युवकों का बचाव करते हुए कहा था कि लड़कों से गलती हो जाती है। यह कार्यक्रम लोगों को काफी हैरान कर रहा है।
सचदेवा ने कहा कि केजरीवाल के पास नैतिकता होती तो वह आज के महिला सम्मान मंच का प्रयोग करते हुए हिम्मत दिखाते और अखिलेश यादव को उनके पिता के बयान पर देश की महिलाओं से माफी मांगने को कहते। वे अब दिल्ली की समस्या और मूल विषय से भटका नहीं सकते हैं। मंच पर मालीवाल होती और उन्हें न्याय मिलता तो यह अदालत सार्थक होती।