भाजपा ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी की विचारधारा और नीतियों से अवगत कराने लिए दिल्ली में संगठन का विस्तार करेगी। भाजपा प्रदेश कार्यालय में राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं दिल्ली प्रभारी बैजयंत पांडा ने दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता के साथ संगठन के विस्तार और अहम मुद्दों पर बैठक कर चर्चा की।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं दिल्ली प्रभारी बैजयंत पांडा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता बिना किसी राजनीतिक मतभेद और भेदभाव के दिल्ली के जरूरतमंद लोगों की सेवा कर रहे हैं। इसकी जितनी प्रशंसा की जाए कम है। हमें मिलकर दिल्ली में संगठन के विस्तार के लिए कार्य करना है और सभी वर्गों तक पार्टी के उद्देश्य तथा नीतियों को पहुंचाना है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने बताया कि बैठक में संगठन के विस्तार के विषय में विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कोरोना और प्रदूषण जैसी जानलेवा समस्या से लड़ने में विफल रही है।
केजरीवाल सरकार की नाकामियों को उजागर करने के लिए रणनीति बनाकर जनता के बीच जाने पर विशेष जोर दिया गया। गुप्ता ने बताया कि दिल्ली के अंदर प्रकोष्ठ और मोर्चों के अलावा 28 नए विभाग भी बनाए जाएंगे। इसमें सभी कार्यकर्ताओं को शामिल किया जाएगा ताकि केजरीवाल सरकार के खिलाफ जारी लड़ाई को और गति और विस्तार मिल सके।