फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भाजपा ने दिल्ली में किए चार उम्मीदवार घोषित, आज शाम तक जारी होंगे बाकी तीन प्रत्याशियों के नाम

Mon, 22 Apr 2019 06:29 AM IST
Vikas Kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
भाजपा (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : PTI
विज्ञापन

भाजपा दिल्ली की चार सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं। चारों सीटों पर मौजूदा सांसदों को ही प्रत्याशी बनाया गया है। पार्टी ने चांदनी चौक से डॉ. हर्षवर्धन, उत्तर पूर्वी दिल्ली से मनोज तिवारी, पश्चिम दिल्ली से प्रवेश वर्मा और दक्षिणी दिल्ली से रमेश बिधूड़ी को उम्मीदवार घोषित किया है। रविवार देर शाम पार्टी की चयन समिति ने नाम जारी किए। पार्टी सूत्रों के मुताबिक सोमवार को दिल्ली के बाकी तीन सीटों के प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए जाएंगे। 

विज्ञापन


वर्तमान सांसदों को ही दोबारा मौका देने के फैसले से स्पष्ट हो चुका है कि कांग्रेस और आप के बीच चल रही गठबंधन की अटकलों पर भरोसा न करते हुए पार्टी हाईकमान ने पुरानी सूची पर ही विश्वास किया है। दरअसल पार्टी हाईकमान से जुड़े सूत्रों ने पहले ही संकेत दे दिए थे कि गठबंधन को लेकर उम्मीदवारों की दो सूची तैयार की गई हैं। एक सूची में ज्यादातर पुराने नाम हैं, जबकि दूसरी सूची में नए चेहरों को रखा गया है। रविवार तक आप और कांग्रेस के बीच गठबंधन की स्थिति स्पष्ट न होने और नामांकन प्रक्रिया भी करीब होने के कारण भाजपा ने पुरानी सूची को जारी कर दी है।

हालांकि पूर्वी दिल्ली, उत्तर पश्चिम और नई दिल्ली सीट पर नए चेहरों को टिकट दिए जाने के कयास लगाए जा रहे हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि इन तीनों में से दो सीट पर भाजपा नए उम्मीदवारों को उतार सकती है। अमर उजाला के 17 अप्रैल के अंक में गठबंधन को लेकर उम्मीदवारों की दो सूची बनाए जाने की खबर प्रमुखता से प्रकाशित हुई थी। 
विज्ञापन


डॉ. हर्षवर्धन, मनोज तिवारी और वर्मा आज करेंगे नामांकन 
प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रमुख अशोक गोयल देवराहा ने बताया कि सोमवार सुबह 10 बजे डॉ. हर्षवर्धन और दोपहर 1 बजे मनोज तिवारी नामांकन दाखिल करेंगे। इनके अलावा पश्चिमी दिल्ली से प्रवेश साहिब सिंह वर्मा सुबह 10 बजे नामांकन भरने के लिए जनकपुरी से रवाना होंगे। जबकि दक्षिणी दिल्ली से उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी मंगलवार सुबह 10 बजे तुगलकाबाद गांव से नामांकन के लिए रवाना होंगे। 

दिल्ली में दिखने लगे चुनावी रथ 
प्रत्याशियों की सूची फाइनल होते ही पार्टी ने दिल्ली में चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। रविवार को दिल्ली के कई इलाकों में भाजपा के चुनावी रथ से प्रचार प्रसार शुरू कर दिया गया। वहीं सोशल मीडिया पर पार्टी की ओर से चुनावी प्रचार से जुड़े वीडियो पोस्ट किए जा रहे हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें