आम आदमी पार्टी के नेता व विधायक सोमनाथ भारती ने आरोप लगाया है कि भाजपा ने दिल्ली में दंगा कराने की नाकाम कारस्तानी की थी। इतना ही नहीं, भाजपा ने फर्जी फोटो दिखाकर देश को गुमराह किया कि आम आदमी पार्टी कब्रिस्तान बनाने जा रही है। पूर्व सांसद शहाबुद्दीन को आईटीओ के पीछे कब्रिस्तान में दफनाने का फोटो दिखाकर भाजपा ने दिल्ली के अंदर दंगा कराने का प्रयास किया। इस संबंध में उन्होंने उपराज्यपाल को सबूत सौंपे हैं।
आप नेता सोमनाथ भारती ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भाजपा ने 16 सितंबर 2022 को एक वीडियो रिलीज किया था, जिसमें लैंड जिहाद के संबंध में बताया गया था। चैनलों ने बगैर जांच किए इस वीडियो को चलाया। उन्होंने वीडियो दिखाते हुए कहा कि बिहार के पूर्व सांसद शहाबुद्दीन की तिहाड़ जेल में कोरोना से मौत हुई। यह फोटो आईटीओ के पीछे कब्रिस्तान में उन्हें दफनाने का है। इस फोटो को दिखाकर भाजपा ने दिल्ली के अंदर दंगा कराने का प्रयास किया। उन्होंने भाजपा का फोटो और असली फोटो दिखाकर कहा कि भाजपा ने दिल्ली और देश को गुमराह किया कि आम आदमी पार्टी कब्रिस्तान बनाने जा रही है। इस कारण दिल्ली में दंगे होने के आसार हो गए थे। उन्होंने उपराज्यपाल को इस बारे में शिकायत देते हुए कहा कि भाजपा के दंगे कराने के षड़यंत्र का पर्दापाश हो गया है।
दूसरी ओर उन्होंने खुलासा कहा कि भाजपा नेता शैलेंद्र सिंह मोंटी वर्ष 2007 में पहली बार पार्षद का चुनाव लड़े थे। उस समय उनके पास इतना पैसा नहीं था कि यह खुद का चुनाव प्रचार कर सके। हौज खास गांव के निवासियों ने पैसा इकट्ठा कर प्रचार का पैसा दिया, जबकि उनके पास वर्ष 2020 में चुनाव लड़ने के समय 28 करोड़ रुपये थे। भाजपा ने यह कौन सी मशीन लगा रखी है कि 2007 में जीरो और 2020 में 28 करोड़ हो गए। उनके पास कई बड़े घर, फ्लैट, होटल, बार, रिजोर्ट और कृषि भूमि है, लेकिन भाजपा का नेता होने की वजह से ईडी और सीबीआई इनकी जांच नहीं कर रही है। उन्होंने उपराज्यपाल से उनकी ईडी और सीबीआई से जांच कराने की मांग की।