प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी की डॉ. भीमराव अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में हुई दो दिवसीय बैठक के समापन पर राजनीतिक प्रस्ताव लाया गया। प्रस्ताव में केजरीवाल सरकार को विफल बताते हुए 2020 में दिल्ली जीतने का संकल्प लिया गया। साथ ही दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने पर हर घर में नल से जल पहुंचाने, टैंकर माफिया से मुक्ति, प्रदूषण कम करने, सीलिंग से राहत के लिए मॉनिटरिंग कमेटी को भंग कराने, दिल्ली के गांवों को मेट्रो से जोड़ने के वादे किए गए।
इस दौरान पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि दिल्ली की जनता को सब्जबाग दिखाकर धोखे से सत्ता हथियाने वालों को समझ लेना चाहिए कि काठ की हांडी एक बार ही चढ़ती है। काठ की हांडी अब कोयला बन चुकी है। भाजपा कार्यकर्ता उनका पूरी ताकत से करेंगे और 2020 में भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प लेते हैं। भाजपा प्रजातांत्रिक पार्टी है, जहां हर कार्यकर्ता को समान अवसर मिलता है। राष्ट्रवाद भाजपा को अन्य पार्टियों से अलग करता है।
प्रदेशाध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली में झूठ और बेईमानी की बुनियाद पर बनी सरकार नाकाम हो गई है। दिल्ली में बहने वाली यमुना नदी में अपार जल है, लेकिन लोगों के घरों तक पीने का पानी नहीं पहुंच रहा है। हमने संकल्प लिया है कि सिंगापुर की नदी की तर्ज पर यमुना को विकसित करेंगे। संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करने पर चर्चा की।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम जाजू ने कहा कि विधानसभा चुनाव जीतने के लिए हमें चिंतन और कारगर रणनीति के साथ मैदान में उतरना है। राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल ने कहा कि केजरीवाल सरकार अहंकारी, अराजक और असंतुलित दिमाग वाली है। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस एक की थैली के चट्टे-बट्टे हैं।