दिल्ली चुनाव में भाजपा को कड़ी टक्कर दे रही आम आदमी पार्टी (आप) ने बेहद सधे अंदाज में प्रचार अभियान को आगे बढ़ाया। पार्टी ने बड़ी रैली करने से परहेज किया। इसकी जगह विधानसभा के स्तर पर जनसभाएं कीं।
पार्टी के स्टार कैंपेनर अरविंद केजरीवाल रहे, जबकि सांसद भगवंत मान और कुमार विश्वास ने भी बड़े पैमाने पर सभाएं कीं। यही वजह है कि आज भाजपा से सीधे टक्कर में है।
प्रचार अभियान के मुख्य रणनीतिकार आशीष तलवार के मुताबिक, हमारा अभियान एक दिसंबर से शुरू हुआ था। हमारी रणनीति रही कि केजरीवाल समेत सभी बड़े प्रचारक आम मतदाताओं से सीधा संवाद सकें।
70 विधानसभाओं में अरविंद ने की 110 जनसभाएं
इसी रणनीति के तहत अरविंद ने 70 विधानसभाओं 110 जनसभाएं कीं, जबकि दिल्ली में फंड रेजिंग के 30 से ज्यादा लंच और डिनर के कार्यक्रमों में शिरकत की। पार्टी का मानना है कि केजरीवाल दस लाख से ज्यादा मतदाताओं के बीच गए। साथ ही वह हर वार्ड में प्रोजेक्टर के जरिए भी लोगों तक पहुंचे। वहीं, भगवंत सिंह मान ने 118 जनसभाएं और रोड शो किया।
मैदान में उतरने के बाद कुमार विश्वास की बड़ी मांग रही। विश्वास ने 60 से ज्यादा सभाएं कीं। इनके अलावा संजय सिंह, आशुतोष, योगेंद्र यादव, आशीष खेतान, दिलीप पांडेय, प्रशांत भूषण समेत दूसरे बड़े नेताओं ने 600 से ज्यादा जनसभाएं कीं।
दूसरी तरफ आप की बॉलीवुड टीम भी दिल्ली में सक्रिय रही। विशाल डडलानी, रघुराम, गुलपनाग, जसराज सिंह जस्सी, अयूब खान और स्मिता बंसल समेत दूसरी नामचीन हस्तियों ने अपने अंदाज में प्रचार किया। इनका प्ले फॉर चेंज और डांस फॉर डेमोक्रेसी कार्यक्रम काफी लोकप्रिय रहा। दोनों कार्यक्रमों के जरिए बड़ी संख्या में युवाओं तक अपना संदेश पहुंचाने में आप कामयाब रही।