हैपीनेस क्लास पर भाजपा का सिसोदिया से सवाल
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा ने आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया के हैपीनेस क्लास को लेकर दिए गए बयान पर सवाल उठाए हैं। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि दिल्ली में एक स्कूली छात्रा की दुखद आत्महत्या के बाद सिसोदिया का यह कहना कि हैपीनेस क्लास बंद नहीं होती तो छात्रा की जान नहीं जाती, तर्कहीन है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि 2015 से 2024 के बीच दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार के दौरान हैपीनेस क्लास चलने के बावजूद स्कूली छात्रों की आत्महत्या, स्कूल परिसर और बाहर छात्रों के बीच हिंसा तथा शिक्षकों पर हमले के कई मामले सामने आए थे। उन्होंने सवाल किया कि उस समय इन घटनाओं के लिए कौन जिम्मेदार था?
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि दुखद घटनाओं पर राजनीति करना उचित नहीं है, लेकिन सिसोदिया का बयान गैरजिम्मेदाराना है। उन्होंने कहा कि किसी छात्र की आत्महत्या जैसे संवेदनशील मामले को किसी एक शैक्षणिक कार्यक्रम के बंद होने से सीधे जोड़ना उचित नहीं है। भाजपा ने सिसोदिया से अपने कार्यकाल के दौरान सामने आई ऐसी घटनाओं पर भी जवाब देने की मांग की।