दिल्ली प्रदेश भाजपा के नेताओं ने चंदा एकत्रित करने और चुनाव प्रचार करने पर किए जा रहे खर्च को लेकर आम आदमी पार्टी व उसके नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए। भाजपा नेताओं ने कहा कि आप को अरब देशों से हवाला के जरिये चंदा मिल रहा है।
इसके अलावा खाने का आयोजन करके चंदा जुटाने में भी गड़बड़ी हो रही है। इसी कारण आप नेता प्रचार पर पानी की तरह पैसा खर्च कर रहे है। उन्होंने आप नेताओं पर एनजीओ के लिए अनुदान लेने पर कांग्रेस के साथ सांठगांठ होने के भी आरोप लगाए।
प्रदेश भाजपा ने आप पर हमला करने के लिए अपने महामंत्री रमेश बिधूड़ी व आशीष सूद के अलावा हाल ही अरविंद केजरीवाल का साथ छोड़कर आए प्रदेश प्रवक्ता अश्वनी उपाध्याय को आगे किया। उन्होंने प्रदेश कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन में आप नेता लगातार राजनीति में पारदर्शिता के दावे करते हैं मगर उनके दावे इनकी वास्तविकता से बिलकुल परे हैं। विगत 26 नवम्बर एवं 30 नवम्बर को आप ने मुम्बई और दिल्ली में दो भोज आयोजित कर प्रति व्यक्ति 20-20 हजार रुपये के हिसाब से लगभग डेढ़ करोड़ रुपये चंदे में अर्जित करने का दावा किया है, परंतु पैसा देने वाले लगभग 200 लोगों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।
उन्होंने कहा कि आप से जुड़ी मीरा सान्याल की एनजीओ को फोर्ड फाउंडेशन से मिलने वाली आर्थिक सहायता देश के लिए चिंता का विषय है, क्योंकि यह कहीं स्पष्ट नहीं है कि वो पैसा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में के आम नागरिकों व सुधार के नाम पर नक्सल पोषण पर खर्च होता है।