आगामी विधानसभा चुनाव में वर्षों का वनवास खत्म करने के लिए भाजपा वोटरों की लामबंदी में जुट गई है। एक तरफ भाजपा विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार को घेराव कर रही है।
वहीं दूसरी ओर भाजपा नेताओं का एक समूह जिलास्तर पर पहुंचकर न सिर्फ लोगों से मिलकर सदस्यता अभियान के जरिए उन्हें शपथ दिला रहा है, बल्कि आगामी चुनाव में पार्टी की ओर से क्या क्या घोषणाएं रखी जाएं? इसे लेकर भी सलाह मांगी जा रही है।
बीते सोमवार रात और मंगलवार को भाजपा ने उत्तर पूर्वी और पश्चिमी जिले में सदस्यता अभियान पर कार्यक्रम आयोजित किए थे। इतना ही नहीं भाजपा ने आम आदमी पार्टी को हराने के लिए अपने सभी सांसदों को भी मैदान में ला दिया है।
भाजपा सूत्रों की मानें तो पिछले तीन दिन में दो बार दिल्ली भाजपा के तमाम बड़े नेताओं की अहम बैठकें हुई हैं। जिसमें आगामी चुनाव को लेकर आप-कांग्रेस को पछाड़ने के लिए भाजपा ने योजना तैयार की है।
बताया जा रहा है कि जहां सांसदों को अपनी अपनी सांसद निधि के जरिए क्षेत्रीय विकास कराने और लोगों से लगातार संपर्क में रहने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं भाजपा के सदस्यता अभियान में 10 लाख कार्यकर्ता और घोषणा पत्र की तैयारी का जिम्मा सौंपा है। इसके अलावा भाजपा ने एक समिति भी बनाने का निर्णय लिया है, जोकि लगातार न सिर्फ विपक्ष को घेरने के मुद्दे तय करेगी।
बल्कि किसी भी प्रकार की कंट्रोवर्सी और बयानबाजी न हो इस पर भी ध्यान रखेगी। इसमें दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी के अलावा दिल्ली विधानसभा के नेता विपक्ष विजेंद्र गुप्ता भी शामिल हैं।