चाणक्यपुरी थाना इलाके में भाजपा के वरिष्ठ नेता जसवंत सिंह के विधायक बेटे की कार में टक्कर मारने का मामला सामने आया है। सड़क दुर्घटना में विधायक बाल-बाल बचे, हालांकि उनकी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। विधायक की शिकायत पर चाणक्यपुरी थाना पुलिस ने सड़क दुर्घटना का मामला दर्ज कर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया।
नई दिल्ली जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, भाजपा के वरिष्ठ नेता जसवंत सिंह के बेटे मानवेंद्र सिंह बाड़मेर से भाजपा विधायक हैं। मानवेंद्र एक अगस्त को एयरपोर्ट से महिंद्रा 500 एक्सयूवी कार से तीन मूर्ति लेन आ रहे थे।
शाम करीब छह बजे असम भवन के विपरीत एसपी मार्ग पर पहुंचे तो यूपी नंबर की सेंट्रो कार ने मानवेंद्र की कार में साइड से जबरदस्त तरीके से टक्कर मार दी। हादसे में वह बाल-बाल बच गए, लेकिन उनकी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
मानवेंद्र सिंह ने 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। चाणक्यपुरी थाना पुलिस ने मानवेंद्र की शिकायत पर सेंट्रो कार चालक मोरटा-दो, गाजियाबाद, यूपी निवासी प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया।