दिल्ली के अपने यहां भाजपा सदस्यता अभियान चलाने को लेकर विवादों में आए दिल्ली के नामी स्कूल रेयान इंटरनेशनल के खिलाफ दिल्ली सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। सरकार ने स्कूल को नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा है।
सरकार मामले की जांच भी कर रही है। आरोप साबित हुए तो स्कूल के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही सभी स्कूलों को दिशा-निर्देश जारी कर किसी प्रकार की राजनीतिक गतिविधि में लिप्त न होने के लिए कहा गया है।
मालूम हो कि रेयान इंटरनेशनल की ओर से अपने स्कूलों में शिक्षकों और छात्रों को भाजपा का सदस्य बनने के लिए कहे जाने का मामला सामने आया है। इस पूरे मसले पर दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा यह जो कुछ हो रहा है वो पूरी तरह से गलत है।