चुनावी मैदान में उतरने वाले कांग्रेस प्रत्याशियों के नाम की घोषणा में अभी थोड़ी देर हो सकती है। पहले चरण के लिए नाम लगभग तय हो चुके थे, लेकिन पार्टी की ओर से सभी पूर्व सांसदों, अध्यक्षों और विधायकों को मैदान में उतारने का निर्देश मिलते ही राजनीतिक समीकरण बदलने लगे हैं। माना जा रहा है कि सप्ताह के अंत तक पहली सूची जारी कर दी जाएगी।
विधानसभा चुनाव के लिए सीएए, महंगाई, शिक्षा, अनधिकृत कॉलोनियों समेत अन्य मुद्दों पर आप और भाजपा पर लगातार हमलावर रही कांग्रेस के लिए अब बड़ी चुनौती यह है कि दिग्गज नेताओं को पसंदीदा सीट से टिकट कैसे दें? कुछ विधानसभा क्षेत्र ऐसे हैं, जहां संभावित उम्मीदवार अधिक से अधिक मतदाताओं का समर्थन हासिल करने में दिन-रात जुटे हुए हैं। कांग्रेस आलाकमान की ओर से पार्टी के दिग्गज नेताओं को प्रत्याशी बनाने के निर्देश के बाद पार्टी के तमाम नेता इस पर मंथन कर रहे हैं कि किस उम्मीदवार को कहां से टिकट दें, ताकि जीत मिल सके।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, 18 जनवरी तक कांग्रेस प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर देगी। उधर, लगातार नए आवेदन के साथ पार्टी के तमाम नेताओं से मुलाकात का दौर भी जारी है। सूची जारी करने में हो रही देरी की वजह से उम्मीदवारों को प्रचार के लिए भी महज 20 दिन का वक्त मिलेगा।