नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर प्रदूषण की आपदा में अवसर तलाशने का आरोप लगाया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रवीण कुमार ने कहा कि भाजपा शासित एनडीएमसी ने कनॉट प्लेस जैसे इलाकों में पार्किंग शुल्क 20 से बढ़ाकर 40 रुपये प्रति घंटा कर दिया, जिससे जनता की जेब पर भारी बोझ पड़ा है, लेकिन प्रदूषण में कोई कमी नहीं आई। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को दिल्लीवासियों की सांसों की नहीं, बल्कि ठेकेदारों की जेब भरने की चिंता है।
प्रवीण कुमार ने बताया कि शुल्क बढ़ने के बाद लोग सड़क किनारे गाड़ियां खड़ी करने लगे हैं, जिससे ट्रैफिक जाम और प्रदूषण दोनों बढ़ रहे हैं। उन्होंने खुलासा किया कि एमसीडी की 400 पार्किंग साइटों पर भी यही नीति लागू करने की तैयारी है। आप पार्टी ने इस फैसले को काला फरमान बताते हुए तत्काल वापस लेने की मांग की।
वहीं प्रीति डोगरा ने कहा कि दिल्ली की हवा अब धुंध नहीं, मौत के बादल बन चुकी है। भाजपा की चार इंजन सरकार सफाई, प्रदूषण और शिक्षा सहित हर मोर्चे पर नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता की जेब काट रही है, जबकि बच्चों और बुजुर्गों की सांसें दांव पर लगी हैं। ब्यूरो