वाराणसी लोकसभा से चुनाव लड़ रहे बीजेपी के पीएम उम्मीवार नरेंद मोदी को रैली की अनुमति न मिलने से नाराज भाजपाइयों ने बनारस ही नहीं दिल्ली में भी चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
बीजेपी ने दिल्ली में चुनाव आयोग कार्यालय तक न्याय मार्च निकाला है। बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता चुनाव आयोग के खिलाफ सड़क पर उतर आए हैं।
बीजेपी नेताओं ने मोदी की रैली को अनुमति न देने पर चुनाव आयोग पर पक्षपात करने का भी आरोप लगाया है।
चुनाव आयोग पर धरना
बनारस में मोदी की रैली पर रोक लगने से नाराज बीजेपी के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी और रविशंकर प्रसाद ने चुनाव आयोग पर धरना देने का ऐलान किया था।
हालांकि बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ पहुंचे बीजेपी के दिग्गज चुनाव आयोग से वार्ता करने के लिए चले गए। इस बीच बाहर कार्यकर्ताओं ने हाथों में मोदी की तस्वीरें लेकर खूब नारेबाजी की।
आयोग से वार्ता करने के बाद बीजेपी नेताओं ने धरना प्रदर्शन खत्म कर दिया। वहीं बनारस में भी बीजेपी नेताओं ने धरना समाप्त करने का ऐलान कर दिया है।
इन दिग्गजों ने संभाला मोर्चा
दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ 'न्याय मार्च' में बीजेपी के दिग्गज नेताओं की अगुवाई में बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता और समर्थक आयोग दफ्तर के बाहर जमा हुए।
बीजेपी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन, मुख्तार अब्बास नकवी, वेंकैया नायडू और वीके मल्होत्रा मार्च में शामिल थे।
बीजेपी नेताओं के प्रदर्शन के चलते दिल्ली पुलिस ने कई रास्ते बंद कर दिए थे।