नई दिल्ली। पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता पद्म विभूषण अरुण जेटली की पुण्यतिथि पर सोमवार को दिल्ली में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रदेश भाजपा कार्यालय में सुबह प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा और विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने जेटली के चित्र पर माल्यार्पण किया। इसके बाद सिरी फोर्ट स्थित अरुण जेटली पार्क में उनके परिवार की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में आरएसएस के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबले, उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश और केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह समेत कई गणमान्य लोगों ने जेटली की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। उनकी पत्नी संगीता जेटली, पुत्र एवं वरिष्ठ अधिवक्ता रोहन जेटली तथा पुत्री सोनाली जेटली बख्शी ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।
हर्ष मल्होत्रा ने जीएसटी और बैंकिंग सुधारों में जेटली के योगदान को याद किया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि जेटली राष्ट्रसेवा के पर्याय थे। कहा कि दिल्ली सरकार राष्ट्र प्रथम, सुशासन और पारदर्शिता के उनके विचारों पर आगे बढ़ने के लिए संकल्पित है। ब्यूरो