दिल्ली प्रदेश भाजपा के नेताओं ने एमसीडी चुनाव में जीत हासिल करने के लिए आम आदमी पार्टी के साथ-साथ कांग्रेस पर भी निशाना साधना आरंभ कर दिया है। केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने शुक्रवार को शुंगलू कमेटी की रिपोर्ट पर आप और कांग्रेस को कठघरे में खड़ा किया।
उन्होंने कहा कि रिपोर्ट में आप का असली चेहरा सामने आ गया है, लेकिन रिपोर्ट पर कांग्रेस को सवाल करने का कोई अधिकार नहीं है, क्योंकि शुंगलू कमेटी कांग्रेस की तत्कालीन दिल्ली सरकार के खिलाफ घोटाले उजागर कर चुकी है।
पार्टी कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में विजय गोयल ने आप के बजाए कांग्रेस पर अधिक निशाना साधा। उन्होंने आम आदमी पार्टी को अवैध आमदनी पार्टी की संज्ञा दी, जबकि कांग्रेस को घोटाला पार्टी करार दिया।