दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी पर भाजपा नेता रमेश बिधूड़ी की अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी पर आप नेता संजय सिंह ने हमला बोला है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस से सवाल भी पूछा। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी पर टिप्पणी पर अजय माकन चुप क्यों हैं?
कालकाजी से कांग्रेस उम्मीदवार अलका लांबा ने कहा कि वे (रमेश बिधूड़ी) इतना निम्न चले गए हैं कि चुनाव शुरू भी नहीं हुए हैं, वह अभी उम्मीदवार बने हैं और वह अपनी पहली दो जनसभाओं में ऐसी भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। जिस तरह की निचले स्तर की भाषा का इस्तेमाल उन्होंने पहले प्रियंका गांधी और अब दिल्ली के मुख्यमंत्री के खिलाफ किया, मुझे नहीं लगता कि कालकाजी के लोग ऐसे उम्मीदवार को कभी स्वीकार करेंगे।
इससे पहले, दिल्ली की सीएम आतिशी पर बीजेपी नेता रमेश बिधूड़ी के कथित आपत्तिजनक बयान पर कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने कहा कि "रमेश बिधूड़ी पहले भी ऐसे बयान दे चुके हैं। भाजपा पर सवाल उठता है कि जिस व्यक्ति ने पहले भी आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया है, उसे उम्मीदवार बनाया गया है, वो भी बहुत महत्वपूर्ण सीट से। जाहिर है कि वो जब भी मौका मिलेगा ऐसे बयान देंगे। उन्होंने सुबह प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ और शाम को सीएम आतिशी के खिलाफ अनुचित बयान दिए।
सिर्फ माफ़ी मांगना काफी नहीं है, मुझे उम्मीद है कि उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। लेकिन, मैं आप को भी याद दिलाना चाहता हूं कि उन्होंने 10-12 साल पहले भी सबके खिलाफ आपत्तिजनक बयान दिए थे, सोनिया गांधी और शीला दीक्षित जैसी बड़ी नेताओं के खिलाफ। AAP को याद रखना चाहिए कि अगर राजनीति के मानक गिरे तो आगे चलकर इसके प्रतिकूल परिणाम हो सकते हैं।
भाजपा नेता रमेश बिधूड़ी के कथित आपत्तिजनक बयान पर आप नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि यह भाजपा का चरित्र है। महिलाओं, महिला मुख्यमंत्री पर अभद्र टिप्पणी करना भाजपा का चरित्र है। कल जिस मंच से प्रधानमंत्री दिल्ली की जनता से अपनी सरकार बनाने की अपील कर रहे थे, रमेश बिधूड़ी महिलाओं को गाली दे रहे थे। महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी कर रहे थे। प्रधानमंत्री को बताना चाहिए कि वह उनसे सहमत हैं या नहीं। क्या वह दिल्ली की राजनीति में रमेश बिधूड़ी जैसे व्यक्ति को आगे लाने के लिए वोट मांग रहे हैं।