फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजनीतिक रंजिश के चलते हुई BJP नेता की हत्या, कई गैंग के शार्प शूटरों पर शक

Sun, 03 Sep 2017 09:21 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, गाजियाबाद
विज्ञापन
gajendra bhati murder
विज्ञापन
इंदिरा विहार कॉलोनी में दिनदहाड़े भाजपा नेता गजेंद्र भाटी की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस राजनीतिक रंजिश को हत्या का कारण मान रही है। हालांकि हिस्ट्रीशीटर गजेंद्र की हत्या के पीछे कोई आपराधिक षणयंत्र भी हो सकता है। पुलिस दोनों एंगल से जांच में जुटी है। तनाव को देखते हुए खोड़ा में भारी पुलिस बल और पीएसी को तैनात की गई है।
विज्ञापन


पुलिस सूत्रों की मानें तो गजेंद्र भाटी उर्फ गज्जी दबंग नेता था। उस पर हत्या का प्रयास और मारपीट समेत अन्य कई धाराओं में खोड़ा थाने में कई मुकदमे दर्ज हैं। गज्जी के अलावा उसके दोनों भाई महेश और योगेश भी हिस्ट्रीशीटर हैं। 2014 में केंद्र में भाजपा की सरकार आने पर गजेंद्र पर से जिला बदर की धाराएं हटा दी गई थीं। इसके बाद उसने राजनीति में कदम रखा। 2016 में उसने खोड़ा से ग्राम प्रधानी का चुनाव लड़ा था। 

जिसमें पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा की धर्मपत्नी से हार गया था। हाल ही में गजेंद्र खोड़ा में होने वाले नगर पालिका के चुनाव में चेयरमैन पद का दावेदार था। इसकी तैयारी भी तेजी से कर रहा था। पुलिस मामले को राजनीतिक रंजिश से जुड़ा मानकर जांच में जुटी है। एसएसपी ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी की मदद से बदमाशों की तलाश की जा रही है। चार कैमरों की फुटेज में कुछ संदिग्ध बाइक सवार युवक दिखाई दिए हैं।
विज्ञापन


कई गैंग के शार्प शूटरों पर भी शक
सूत्रों की माने तो बुलंदशहर निवासी जग्गू पहलवान गैग के मनोज भड़ाना से भी गजेंद्र की रंजिश थी। माना जा रहा है कि हत्या में उसका भी हाथ हो सकता है। पांच साल पहले गजेंद्र के बहनोई की भी हत्या कर दी गई थी। पिछले दिनों कला एंक्लेव में भी गजेंद्र पर हमला हुआ था, इस दौरान उसे दोस्त सोनू को गोली लगी थी। 

माना जा रहा है की सुंदर भाटी गैंग और मिंटू हत्याकांड से भी इसको जोड़कर देखा जा रहा है। एसएसपी का कहना है कि आपराधिक, राजनीतिक रंजिश समेत कई बिंदुओं पर मामले की जांच की जा रही है। 

मांस फेंके जाने की सूचना, कहीं हत्या की साजिश तो नहीं  

gajendra bhati murder
शनिवार दोपहर गजेंद्र कार्यालय पर बैठे थे। इस दौरान एक युवक ने फोन कर उन्हें शनि बाजार के पास मंदिर में मांस पड़े होने को लेकर हंगामे की सूचना दी। गजेंद्र मौके पर पहुंचे और हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराने लगे। इस दौरान सुभाष पार्क निवासी भाजपा के खोड़ा-मकनपुर मंडल अध्यक्ष बलवीर चौहान भी वहां पहुंच गए।

इसके बाद गजेंद्र अपनी कार के बजाए बलवीर की बाइक पर बैठकर कार्यालय लौटने लगे। गजेंद्र के चालक और समर्थक कार में बैठकर पीछे आने लगे। पुलिस जांच कर रही है कि कहीं हत्या की साजिश के तहत ही उसे शनि मंदिर तो नहीं बुलाया गया था।

भाजपा के दो नेताओं पर हमले और हत्या से माहौल खोड़ा में तनाव है। घटनास्थल के पास पुलिस के साथ पीएससी के जवानों की तैनाती की गई है। टीएचए के कई थाने की पुलिस को खोड़ा में तैनात किया गया है। सूचना मिलने के बाद विधायक सुनील शर्मा और सांसद प्रतिनिधि एसपी सिंह, महानगर अध्यक्ष अजय शर्मा मौके पर पहुंचे थे। वहीं, एसएसपी हरि नारायण, एसपी सिटी समेत तमाम अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। 

घटनास्थल से बरामद हुए दो खोखे

gajendra bhati murder
पुलिस ने घटनास्थल से 30 बोर के दो खोखे बरामद किए हैं। इलाके में तनाव के चलते भारी फोर्स तैनात की गई है। मामला राजनीतिक रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है। एसएसपी एचएन सिंह ने बताया कि बदमाशों को पकड़ने के लिए सीसीटीवी फुटेज की मदद ली जा रही है। 

सुभाष पार्क निवासी खोड़ा-मकनपुर मंडल अध्यक्ष बलवीर चौहान और इंदिरा विहार निवासी भाजपा नेता गजेंद्र भाटी उर्फ गज्जी (32) शनिवार दोपहर करीब एक बजे मांस मिलने के बाद हंगामे की सूचना पर शनि बाजार मंदिर गए थे। हंगामा शांत होने के बाद गजेंद्र अपनी एसयूवी कार छोड़कर बलवीर की बाइक से अपने कार्यालय लौट रहे थे। दोनों जब इंदिरा विहार कालोनी पहुंचे तो सामने से आए बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें नमस्ते किया। 

बलवीर ने बाइक रोकी तो दूसरी बाइक पर पीछे बैठे युवक ने पिस्टल निकाली और गजेंद्र पर कई फायर कर दिए। बलवीर ने विरोध किया तो बदमाशों ने उन्हें भी गोली मारी और दो हवाई फायर कर भाग गए। कुछ लोगों ने बदमाशों को रोकने का प्रयास किया तो वे उन पर भी पिस्टल तानकर भाग गए।

दोनों नेताओं को लहूलुहान हालत में नोएडा के मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया। सिर और पेट में गोली लगने से अस्पताल में गजेंद्र की मौत हो गई। जबकि पेट में गोली लगने से बलवीर की हालत गंभीर बनी हुई है। 
विज्ञापन

गजेंद्र को लगी चार गोली, बलवीर को एक

gajendra bhati murder
गाजियाबाद। गजेंद्र के सीने पर बायीं ओर दो गोलियां, गले में एक गोली और दाहिनी आंख के ऊपर एक गोली लगने का निशान था। बलवीर को भी शाम करीब साढ़े चार बजे मेट्रो अस्पताल लाया गया। उसकी पीठ में बायीं तरफ गोली लगी थी, जो पेट से होते हुए बाहर निकल गई। गजेंद्र को मेट्रो अस्पताल लाने की सूचना मिलते ही नोएडा पुलिस ने वहां चौकसी बढ़ा दी। काफी संख्या में गजेंद्र के समर्थक, परिजन व रिश्तेदार मेट्रो अस्पताल पहुंच गए। एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि दोपहर में भारी भीड़ को देखते हुए अस्पताल के बाहर एहतियातन पुलिस बल लगाया गया।

हत्या के बाद डिप्टी सीएम का कार्यक्रम रद्द
गाजियाबाद। खोड़ा कालोनी में भाजपा नेता की हत्या और मंडल अध्यक्ष को गोली मारकर घायल किए जाने के बाद यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का कार्यक्रम भी रद्द कर दिया गया। रविवार को डिप्टी सीएम को मोहन नगर स्थित आईटीएस कॉलेज में पार्टी की क्षेत्रीय संगोष्ठी में शिरकत करना था। कार्यक्रम एक दिन पूर्व ही जारी किया गया था। शाम को भाजपा महानगर अध्यक्ष अजय शर्मा और मीडिया प्रभारी अश्विनी शर्मा ने मीडिया को जानकारी दी कि डिप्टी सीएम का कार्यक्रम रद्द हो गया है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें