लोकसभा चुनाव के दौरान बीजेपी ने गोरक्षा को अपने चुनावी अभियान में काफी उछाला लेकिन चुनाव खत्म होते ही यह मुद्दा ठंडे बस्ते में चला गया। एक बार फिर से इस मुद्दे को दिल्ली में गरमाने की कोशिश की जा रही है।
भाजपा की प्रोदशिक इकाई ने दिल्ली में गोरक्षा के लिए अभियान शुरू किया है। इसके तहत लोगों को गाय के दूध, मूत्र और गोबर के फायदे बताए जा रहे हैं। केंद्र सरकार से गो-हत्या पर पाबंदी की अपील करना भी इस कार्यक्रम का हिस्सा है।
पार्टी की गौवंश विकास प्रकोष्ठ ने लोगों को पैंफलेट भी बांटने शुरू कर दिए हैं। सूत्रों का मानना है कि दिल्ली में तीन सीटों पर होने वाले उपचुनाव के मद्देनजर बीजेपी इस मुद्दे को उठा रही है। दिल्ली के गीता कॉलोनी में ऐसे पैंफलेट भी बांटे गए हैं।
बता दें कि पूर्वी दिल्ली की यह कॉलोनी कृष्णानगर विधानसभा क्षेत्र में आती है जहां 25 नवंबर को उपचुनाव होने हैं। जब पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि गोरक्षा को लेकर बीजेपी की मांग कोई नई नहीं है और इस अभियान का चुनाव से कोई लेना-देना नहीं है।