फरीदाबाद में स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को लागू करने और किसानों को उपज का उचित मूल्य दिलाने की मांग पर शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए।
थोड़ी ही देर में कार्यकर्ता बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचे और उन्होंने केरला एक्सप्रेस को रोककर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इस कारण ट्रेन पांच मिनट तक रुकी रही।
प्रदर्शन का नेतृत्व मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य मूलचंद शर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व विधायक कृष्णपाल गुर्जर, किसान मोर्चा के उपाध्यक्ष शिवदत्त वशिष्ठ व जिलाध्यक्ष नयन पाल रावत कर रहे थे।
इससे पहले फरीदाबाद व पलवल के किसान व भाजपा कार्यकर्ता बल्लभगढ़ स्थित सब्जी मंडी में एकत्र हुए। जहां सभा हुई और नेताओं ने किसानों की हर मांग को पूरा कराने के संकल्प के साथ आंदोलन करने पर भी चर्चा की और किसानों के प्रति सरकार की दोषपूर्ण नीतियों की आलोचना की।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोका
पुलिस ने बल्लभगढ़ स्टेशन के बाहर बेरीकेड लगाकर प्रदर्शनकारियों को बाहर ही रोक दिया था। लेकिन कार्यकर्ताओं व किसानों की ओर से किसी भी प्रकार का उपद्रव नहीं करने का आश्वासन देने के बाद उन्हें स्टेशन तक जाने की अनुमति दी गई। लेकिन कार्यकर्ता आश्वासन तोड़कर प्लेटफार्म नंबर चार पर पहुंच गए। इसी बीच नई दिल्ली से तिरूअनंतपुरम जा रही 12626 केरला एक्सप्रेस को कार्यकर्ताओं ने रोक दिया और इंजन पर चढ़कर नारेबाजी करने लगे।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
प्रदर्शनकारियों से निपटने के लिए स्टेशन पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम पहले से ही किए गए थे। आरपीएफ के डीएसपी चंद्रशेखर सिंह, थाना प्रभारी पीके वर्मा, चौकी इंचार्ज बल्लभगढ़ होशियार सिंह, एएसआई पलवल प्रहलाद सिंह व जीआरपी थाना प्रभारी ललित कुमार ने पुलिस बल के साथ पूरे स्टेशन की घेराबंदी कर रखी थी। इसके अतिरिक्त जिला प्रशासन की ओर एसडीएम जितेंद्र दहिया को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था।
ट्रेन रोकने वालों के खिलाफ मामला दर्ज
बल्लभगढ़ स्टेशन पर प्रदर्शन के दौरान केरला एक्सप्रेस को रोकने वाले प्रदर्शनकारियों के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल ने रेलवे एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। यह मामला स्टेशन मास्टर की शिकायत पर दर्ज किया गया है। पहचान होने पर प्रदर्शनकारियों पर दो हजार रुपये जुर्माना और दो साल की सजा भी हो सकती है। आरपीएफ थाना प्रभारी पीके वर्मा ने बताया कि बल्लभगढ़ स्टेशन इंचार्ज अखिलेश कुमार की शिकायत पर रेलवे एक्ट की धारा 174 के तहत सैकड़ों अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।