अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। एमसीडी की सीलिंग कार्रवाई को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा और नगर निगम पर निशाना साधा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि बिना पर्याप्त पूर्व सूचना, स्पष्ट दिशा-निर्देश और प्रभावित दुकानदारों को अपना पक्ष रखने का उचित अवसर दिए अचानक सीलिंग की कार्रवाई करना व्यापारियों और आम जनता के साथ अन्याय है।
देवेंद्र यादव ने कहा कि यदि नियमों का उल्लंघन हुआ है तो कार्रवाई से पहले संबंधित दुकानदारों को नोटिस देकर दस्तावेजों की जांच, सुनवाई और नियमों के अनुरूप सुधार का अवसर दिया जाना चाहिए था। अचानक सीलिंग से छोटे व्यापारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में पिछले करीब दो दशकों से अवैध निर्माण और अवैध दुकानों का बढ़ना भाजपा शासित नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अब आनन-फानन में सीलिंग शुरू कर वास्तविक समस्याओं से ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि अचानक कार्रवाई से दुकानदारों की रोजी-रोटी प्रभावित होने के साथ बाजारों में आने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।