अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के संबंध में सोशल मीडिया पर प्रसारित एक पोस्ट को लेकर दिल्ली भाजपा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस और अन्य दलों से जुड़े लोगों की ओर से सोशल मीडिया और इन्फ्लुएंसरों के माध्यम से उनके नेता के खिलाफ झूठी एवं भ्रामक जानकारी प्रसारित की जा रही है।
सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी के नेतृत्व में दिल्ली भाजपा का तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल बुधवार को मध्य जिले के पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह से मिला। प्रतिनिधिमंडल में दिल्ली भाजपा महामंत्री विष्णु मित्तल और अधिवक्ता संकेत गुप्ता भी शामिल थी। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस उपायुक्त को विस्तृत शिकायत पत्र सौंपते हुए सोशल मीडिया पोस्ट की जांच और कार्रवाई की मांग की।
बिधूड़ी ने आरोप लगाया कि राजनीतिक रूप से भाजपा का मुकाबला करने में असमर्थ कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और आम आदमी पार्टी जैसे दल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और इन्फ्लुएंसरों का इस्तेमाल कर भाजपा और उसके नेताओं को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस से पोस्ट के स्रोत, प्रसार और इसके पीछे की मंशा की जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।