आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की घोषणाओं और उनकी 49 दिनों की सरकार की पोल खोलने के लिए भाजपा ने एक मुहिम शुरू की है।
अपने इस अभियान भाजपा लोकसभा चुनाव से पहले AAP के खिलाफ दिल्ली की गली में गली में जाकर सीडी चलाएगी और लोगों को AAP सरकार के कामकाज की हकीकत रूबरू कराएगी।
इस सीडी में AAP सरकार के कार्यकाल में सीएम अरविंद केजरीवाल की ओर से की गई सभी घोषणाओं और फैसलों की सच्चाई को सिलसिलेवार ढंग से दिखाएगी। पढ़िए आगे की स्लाइड में AAP और बीजेपी की जंग:
झूठ 1: सोमनाथ भारती और खिड़की एक्सटेंशन का मुद्दा
बीजेपी ने AAP सरकार की खामियों को भुनाने के खास मकसद से यह सीडी जारी की है। सीडी में खिड़की एक्सटेंशन पर मंत्री सोमनाथ भारती की करतूतों को छिपाने और उन्हें बचाने के लिए रेल भवन पर धरना देने को प्रमुखता से दिखाया गया है।
खिड़की एक्सटेंशन मामले में भारती को बचाने के लिए ही केजरीवाल और उनकी कैबिनेट ने रेल भवन पर धरना दिया था। इस धरने के दौरान केजरीवाल और उनकी कैबिनेट दिल्ली पुलिस के तीन अधिकरियों को सस्पेंड करने की मांग कर रही थी।
झूठ 2: बीजेपी कार्यालय पर हमला
गुजरात में केजरीवाल के काफिले को रोके जाने से नाराज AAP कार्यकर्ताओं ने दिल्ली बीजेपी के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन व हंगामा किया था।
बीजेपी की ओर से जारी की गई सीडी में AAP नेता आशुतोष और शाजिया इल्मी समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाए गए हैं। AAP कार्यकर्ता गुजरात में केजरीवाल की गिरफ्तारी की सूचना से खासे नाराज थे और इसी का विरोध जताने के लिए बीजेपी कार्यालय के बाहर एकजुट हुए थे।
इस मामले में AAP के 14 कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार भी किया था जिन्हें बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया। पुलिस इस मसले में पूछताछ के लिए AAP नेता आशुतोष और शाजिया को भी थाने ले गई थी।
झूठ 3: राखी बिड़लान पर पैसे मांगने का आरोप
बीजेपी की सीडी में यह भी बताया गया है कि दिल्ली में AAP की सरकार बनते ही हंगामा भी शुरू होने लगा था। AAP सरकार की मंत्री राखी बिड़लान की कार पर एक बच्चे की गेंद लगने की घटना को बढ़ा चढ़ा कर बताया गया और यह आरोप लगाए गए कि राखी की कार पर पथराव किया गया है।
हालांकि बाद में यह साफ हो गया कि कार में गेंद लगी थी न कि पत्थर लेकिन ज्यादातर लोगों ने AAP और राखी के इस बयान को पब्लिसिटी स्टंट करार दिया था।
हाल ही में पार्टी नेता महेंद्र सिंह की जगह राखी बिड़लान को टिकट देने के बाद उन पर 7 लाख रुपए मांगने के भी आरोप लगे हैं। AAP नेता महेंद्र सिंह ने ही ख्ुलेआम ये संगीन आरोप राखी पर लगाए हैं। इससे भी बीजेपी के आरोपों को बल मिला है।
झूठ 4: विधायक ने महिलाओं से की छेड़छाड़
बीजेपी ने सीडी में कोंडली से AAP के विधायक मनोज कुमार पर कुछ काम करवाने के लिए आई महिला के साथ छेड़छाड़ समेत कई विवादित प्रकरणों को भी दिखाया गया है।
इस वीडियो से AAP के प्रति लोगों के बीच बनी अवधारणा बदलने में वक्त नहीं लगेगा क्योंकि हमेशा दूसरे की पोल खोलने वाली केजरीवाल की पार्टी में ऐसा होना लोगों के लिए भी किसी झटके से कम नहीं है।
झूठ 5: मैदान छोड़कर भागे केजरीवाल
सीडी में दिखाया गया है कि जनलोकपाल बिल के नाम पर केजरीवाल ने अपनी ही सरकार गिराकर मुख्यमंत्री के पद से जान छुड़ाई, जिससे वह लोकसभा चुनाव में पार्टी का प्रचार कर सकें और खुद चुनाव लड़ सकें। इस विषय में टेलीविजन पर चले समाचारों के फुटेज दिखाए गए हैं।
वैसे भी सरकार से इस्तीफा देने के फैसले पर केजरीवाल चौतरफा घिरे हैं। विरोधी ही नहीं AAP के कई नेताओं ने भी केजरीवाल के फैसलों को एकतरफा और अवसरवादी बताते हुए पार्टी से किनारा कर लिया है।
झूठ 6: बच्चों की कसम खाई तो क्यों तोड़ी?
बीजेपी ने सबसे अहम मुद्दो पर फोकस करते हुए लोगों को केजरीवाल के सत्ता प्रेम और कांग्रेस से सांठगांठ की झलक दिखाने की भी कोशिश की है।
सीडी में बीजेपी ने केजरीवाल के उस वीडियो को दिखाया है जिसमें वह दिल्ली में किसी भी पार्टी के साथ मिलकर सरकार न बनाने के लिए अपने बच्चों की कसम खा रहे हैं। लेकिन कांग्रेस के साथ दिल्ली में सरकार बनाकर केजरीवाल ने अपने बच्चों की कसम तोड़ दी।
झूठ 7: सरकारी बंगला न लेने का किया था ऐलान
केजरीवाल ने सरकार बनाने से पहले अपने चुनावी घोषणा पत्र में इस बात का ऐलान किया था कि अगर AAP की सरकार बनी तो कोई भी मंत्री लाल बत्ती नहीं लेगा और न ही सरकारी बंगले में रहेगा।
लेकिन केजरीवाल ने खुद ही इस बात को झूठा साबित कर दिया और 10 कमरों के डुप्लेक्स को स्वीकार कर लिया था। हालांकि इस पर विरोधी दलों की ओर से बवाल बढ़ा तो केजरी ने बंगला वापस कर दिया। बाद में फिर से उन्होंने छोटा फ्लैट लिया।
झूठ 8: दागियों को दिया टिकट लेकिन दाग अच्छे हैं
बीजेपी ने सीडी में यह भी दिखाया है कि AAP में दागियों की भीड़ मची हुई है लेकिन उन्हें अपने दाग अच्छे लगते हैं। बीजेपी का आरोप है कि दूसरी पार्टियों की पोल खोलने में लगी आम आदमी पार्टी को अपने दल के भीतर झांकने की फुरसत ही नहीं।
दिल्ली बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि दिल्ली के लोगों ने इस पार्टी को जिस तरह सिर पर बैठाया, उसी तरह पांवों तले रौंदने को भी तैयार हैं। भ्रष्टाचार को जड़ से मिटाने का दावा करने वाली AAP ने मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, महाराष्ट्र आदि में बैंकों के करोड़ों रुपए का गबन करने वाले अपराधियों को टिकट दिया है।
झूठ 9: विधायकों को टिकट नहीं देंगे
आम आदमी पार्टी ने लोकसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने से पहले ही इस बात का ऐलान कर दिया था कि वह आम चुनावों में किसी भी विधायक को टिकट नहीं देंगे। पार्टी की इसी जिद के चलते इसमें फूट पड़ी और विधायक विनोद बिन्नी ने बागी रुख अपना लिया।
लेकिन हाल ही में पार्टी के घोषित उम्मीदवार महेंद्र सिंह का टिकट काटकर राखी बिड़लान को टिकट दिया गया है। हालांकि यह भी चर्चा है कि महेंद्र ने पार्टी से नाराज होकर खुद ही टिकट लौटाया है। पार्टी के इस फैसले से बिन्नी की कुर्बानी बेवजह साबित होती है। AAP की इस जंग का फायदा बीजेपी को हुआ और उसने हर कड़ी को सीडी में पिरोया है।
झूठ 10: केजरी ने कहा था नहीं लडूंगा लोकसभा चुनाव
AAP के संयोजक अरविंद केजरीवाल के उस बयान को भी बीजेपी ने सीडी में दिखाया है जिसमें वह लोकसभा चुनाव नहीं लड़ने की बात कह रहे हैं लेकिन अब वहीं केजरीवाल मोदी के खिलाफ ताल ठोंकने की तैयारी में हैं।
हालांकि अभी तक केजरीवाल ने खुलकर चुनाव लड़ने का ऐलान नहीं किया है लेकिन पार्टी सूत्रों के मुताबिक केजरीवाल वाराणसी से मोदी के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरेंगे। बीजेपी ने केजरीवाल के इस झूठ और मौन को भी बखूबी सीडी में दर्शाया है।