आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने मनोज तिवारी के बयान को लेकर कहा कि उनकी आदत ही झूठ बोलना है। चाहे वो केंद्र सरकार द्वारा दिल्ली सरकार को दिया जाने वाला पैसा हो या दिल्ली नगर निगम में कर्मचारियों की तनख्वाह को लेकर दिल्ली सरकार द्वारा दिया गया फंड, वह हर बात पर झूठ बोलते हैं।
दरअसल, मनोज तिवारी ने अपने ट्विटर पर कहा था कि केजरीवाल सरकार को केंद्र से 48000 करोड़ रुपये मिले हैं। सौरभ भारद्वाज ने सवाल करते हुए कहा, क्या ये सब भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं की मिलीभगत से झूठ बोला जा रहा है? उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार पर सौतेला व्यवहार अपनाने के आरोप भी लगाए।
आप की ओर से उन्होंने मांग करते हुए कहा कि दिल्ली भाजपा अध्यक्ष को तत्काल इस झूठ के लिए जनता से माफी मांगनी चाहिए। अगर उनमें थोड़ी भी शर्म बची है तो अपने पद से इस्तीफा दें। अगर वह अपना पद नहीं छोड़ते हैं तो भाजपा के राष्ट्रीय नेता उन्हें हटाएं, वरना ये साफ हो जाएगा कि ये झूठ उनकी सहमति से बोला जा हा है।