केंद्रीय राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी
- फोटो : सोशल मीडिया
आरके पुरम में दो महिलाओं की गोली मारकर हत्या के मामले में सियासत शुरू हो गई है। जहां आम आदमी पार्टी ने पहले एलजी को दिल्ली की कानून-व्यवस्था को लेकर घेरा। वहीं, अब भाजपा ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा है। दिल्ली से भाजपा भाजपा सांसद मिनाक्षी लेखी ने प्रधानमंत्री का मन की बात सुनने के बाद पूछे गए एक सवाल पर कहा कि सरकार ने दुश्मनी थोड़े ही कराई है। लोगों का मन या दिमाग तो सरकार बदल नहीं सकती। ये दो लोगों का झगड़ा था, पुलिस करवाई कर रही है। अपराध होने के बाद ही पुलिस करवाई करती है। एफआईआर दर्ज हो गई है। मुख्यमंत्री केजरीवाल के ट्वीट पर भाजपा सांसद ने कहा कि उन्हें याद दिलाना चाहूंगी कि ये वही लोग हैं जो दंगा कराते हैं।
केजरीवाल ने एलजी को घेरा
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने घटना पर दुख जताते हुए कहा दोनों महिलाओं के परिवारों के साथ हमारी संवेदनाएं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें। दिल्ली के लोग अपने आप को बहुत असुरक्षित महसूस करने लगे हैं। जिन लोगों को दिल्ली की कानून व्यवस्था संभालनी है, वो कानून व्यवस्था ठीक करने के बजाय पूरी दिल्ली सरकार पर कब्जा करने के षड्यंत्र कर रहे हैं। आज अगर दिल्ली की कानून व्यवस्था एलजी की बजाय 'आप' सरकार के अधीन होती तो दिल्ली सबसे सुरक्षित होती।
यह है मामला
देश की राजधानी दिल्ली के आरके पुरम इलाके में रविवार को बड़ी वारदात हुई। दो महिलाओं को गोली मारने की घटना सामने आई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के आरोप में अर्जुन और माइकल नाम के दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि उनका महिला के भाई के साथ पैसे का विवाद चल रहा था।