केंद्र में सरकार बनने के बाद अब भाजपा के लिए दिल्ली में सत्ता पाना भी अहम हो गया है। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी रणनीति बनाने में जुट गई है।
इसके साथ ही प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी पर किसे बिठाया जाए इसे लेकर भी आम राय बनाने की मुहिम शुरू हो गई है। लिहाजा प्रदेश स्तर पर बैठकों का दौर भी चल निकला है।
प्रदेश प्रभारी प्रभात झा ने कहा है कि दिल्ली में मिशन 2013 अभी अधूरा है और सभी कार्यकर्ताओं को अभी से इस मिशन को पूरा करने के लिये कमर कस लेनी चाहिए।
इस मुद्दे पर भी चर्चा
शुक्रवार को प्रदेश भाजपा के कोर कमेटी के सदस्यों को बैठक के लिए आमंत्रित किया गया है। इसका मुख्य एजेंडा यह है कि कुछ ऐसी रणनीति तैयार की जाए जिसमें दिल्ली वालों को कहीं से यह न लगे कि सरकार नहीं है।
पार्टी के नेता और विधायक आम जनता से संपर्क साधे और समस्याओं को दूर करने का प्रयास करें। कोर कमेटी की बैठक में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजय गोयल, विजेंद्र गुप्ता, प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा, डॉ. हर्षवर्धन, संगठन महामंत्री विजय शर्मा समेत कई नेता शामिल होंगे।
भाजपा सूत्रों का कहना है कि यह बैठक काफी अहम होगी जिसमें प्रदेश अध्यक्ष को लेकर रायशुमारी तो की ही जाएगी साथ ही दिल्ली में सरकार बनाने या नहीं बनाने पर चर्चा होगी। बैठक में यह भी चर्चा होगी कि अगामी विधानसभा चुनाव में जाने की अगली रणनीति क्या होगी।
चलेगा विशेष अभियान
बृहस्पतिवार को भी प्रदेश व जिला पदाधिकारियों की एक विशेष बैठक हुई। जहां दिल्ली में 15 जून से 30 जून तक एक विशेष सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
इस अभियान में पार्टी समाज के सभी वर्गों विशेषकर पेशेवर लोगों, डॉक्टरों, इंजीनियरर्स, आईटी एक्सपर्टस, युवाओं, महिलाओं को जोड़ने के लिए विशेष प्रयत्न करेगी।
बैठक में प्रदेश प्रभारी एवं सांसद प्रभात झा, संगठन महामंत्री विजय शर्मा, महामंत्री रमेश बिधूड़ी (सांसद), शिखा राय, जयप्रकाश, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, मोर्चाध्यक्ष समेत कई नेता उपस्थित थे।