दिल्ली प्रदेश भाजपा ने पार्षदों को टिकट काटने के बाद एक और झटका दिया है। उनको चेतावनी दी गई है कि नगर निगम चुनाव प्रचार में कोई भी कोताही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। वे वैसे ही चुनाव प्रचार करें जैसे उन्होंने अपने चुनाव में मेहनत की थी।
पार्टी ने पार्षदों तक यह संदेश सांसदों के माध्यम से पहुंचाया है। दिल्ली प्रदेश भाजपा ने नगर निगम चुनाव का बिगूल बजाने के बाद प्रचार में ताकत झोंकनी आरंभ कर दी है।
इस कड़ी में वह अपने नाराज पार्षदों पर सख्त हो गई है। क्योंकि टिकट काटे जाने के बाद से उसके पार्षद घर में बैठे है। सभी सांसदों ने अपने-अपने इलाकों में संगठन पदाधिकारियों के साथ बैठक में पार्षदों को भी बुलाया।
सूत्रों के अनुसार अधिकतर पार्षद निराशा का भाव लेकर बैठकों में पहुंचे थे। इस दौरान सांसदों ने कहा कि चुनाव में गड़बड़ी करने वाले पार्षदों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।