-केजरीवाल और अजय दत्त की सोशल मीडिया पोस्ट ही बीते वर्षों में पार्टी के जनप्रतिनिधियों की विफलताओं को उजागर करती हैंः सचदेवा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। अंबेडकर नगर विधानसभा क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को लेकर प्रदेश भाजपा ने आम आदमी पार्टी पर आरोप लगाएं है। प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आरोप लगाया कि पिछले 12 वर्षों से क्षेत्र की जनता लगातार गंदगी की शिकायत करती रही, लेकिन आप के विधायक अजय दत्त और निगम पार्षदों ने ध्यान नहीं दिया।
सचदेवा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने हाल ही में सोशल मीडिया पर सफाई व्यवस्था को लेकर की टिप्पणी लोगों को चौंकाने वाली है। उन्होंने कहा कि यह वही क्षेत्र है जहां 2013 से आप का कब्जा रहा है, इसके बावजूद बुनियादी समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। उन्होंने दावा किया कि केजरीवाल और अजय दत्त की सोशल मीडिया पोस्ट ही बीते वर्षों में पार्टी के जनप्रतिनिधियों की विफलताओं को उजागर करती हैं।
सचदेवा ने आरोप लगाया कि राजनीतिक कारणों से एमसीडी के फंड्स को लंबे समय तक रोका गया, जिससे सफाई सेवाएं प्रभावित हुईं। मगर पिछले एक वर्ष में तीन इंजन की सरकार बनने के बाद एमसीडी की कार्यप्रणाली में सुधार देखने को मिला है और स्वच्छता, प्राथमिक शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं में सकारात्मक बदलाव आए हैं।
सचदेवा ने यह भी कहा कि दिल्ली के कई विधानसभा क्षेत्र और निगम वार्ड ऐसे हैं, जहां जातीय और धार्मिक आधार पर राजनीतिक गढ़ बनाए गए, लेकिन वहां विकास कार्यों की अनदेखी की गई।