कविनगर एच ब्लॉक में बाइकर्स गैंग ने सोमवार दोपहर एक महिला की चेन लूट ली। भागते बदमाशों को एक युवक ने पकड़ने का प्रयास किया तो बदमाशों ने उस पर पिस्टल तान दी।
हथियार लहराते हुए बाइक सवार बदमाश नासिरपुर फाटक की ओर फरार हो गए। यह पूरी वारदात पड़ोस में लगे एक सीसीटीवी में कैद हो गई है।
कविनगर के एच-225 में अरविंद प्रताप सिंह परिवार संग रहते हैं। वे कविनगर स्थित एक कंसट्रक्शन साइट में सुपरवाइजर हैं।
पुलिस के मुताबिक अरविंद की पत्नी वनीता पड़ोसियों के घर से सहेली शीलू के साथ लौट रही थी। दोपहर रीब पौने 1 बजे जब वह घर के पास मकान संख्या-222 के सामने पहुंची तो पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने वनीता के गले से चेन लूट ली।
वारदात के बाद भाग रहे बदमाशों को पकड़ने के लिए वनीता ने शोर मचाया। 10 मीटर की दूरी पर खडे़ एक युवक ने बाइकर्स को दबोचने का प्रयास किया तो स्नैचर्स ने युवक की ओर पिस्टल तान दी।
पीछा करने पर युवक क ो जान से मारने की धमकी दी और नासिरपुर फाटक की ओर फरार हो गए। डरी सहमी वनीता ने पहले तो पुलिस को सूचना देने से इनकार कर दी बाद में पड़ोसियों के कहने पर पुलिस से शिकायत की।
एसएचओ अवनीश गौतम ने बताया कि महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। वारदात के बाद भाग रहे बदमाशों की फुटेज पड़ोस में मोबाइल डिस्ट्रीब्यूटर के ऑफिस के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।