सदर बाजार इलाके में बुधवार शाम बाइक सवार बदमाशों ने निजी कंपनी के कर्मचारियों से 55 लाख रुपये लूट लिए हैं। वारदात के बाद आरोपी गोली चलाते हुए मौके से फरार हो गए। आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। लोकल पुलिस के अलावा क्राइम टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। दोनों को एक अन्य कर्मचारी ने रुपये देकर सदर बाजार स्थित दफ्तर जाने के लिए कहा था। पुलिस कर्मचारियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन में जुटी है।
उत्तरी जिला के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अशोक विहार निवासी अनुराग बंसल का सदर बाजार में कारोबार है। उनका नवाब रोड, सदर बाजार में दफ्तर है। अनुराग ने शकरपुर निवासी इकबाल को 55.55 लाख रुपये एक बैग में डालकर दिए थे। अनुराग ने रुपयों को सदर बाजार स्थित दफ्तर भेजने के लिए कहा था। इकबाल ने गली नंबर-35, करोल बाग में रुपये 32 वर्षीय सहयोगी कर्मचारी पवन वर्मा को सौंप दिए। पवन साथी बालेश्वर के साथ बाइक से रुपये लेकर सदर बाजार की ओर चला।
इस बीच नवाब रोड पर मस्जिद के पास बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर दोनों को रोका लिया। बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर पवन और बालेश्वर से बैग लूट लिया। दहशत फैलाने के लिए आरोपियों ने हवा में गोली भी चला दी। बाद में पवन ने मामले की सूचना पुलिस और अपने मालिक को दी। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। छानबीन के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। शुरुआती जांच के बाद पुलिस आशंका जता रही है कि वारदात में किसी करीबी का हाथ हो सकता है। पुलिस कारोबारी के कर्मचारियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। इकबाल, पवन और बालेश्वर से पूछताछ की जा रही है।