क्रिकेटर युवराज की भाभी व बिग बॉस फेम आकांक्षा शर्मा की ओर से गुरुग्राम जिला अदालत में दायर किए गए घरेलू हिंसा के मामले की सुनवाई मंगलवार को हुई। सिविल जज इंदू बाला की अदालत में युवराज सिंह, मां शबनम और पति जोरावर सिंह के अधिवक्ता ने वकालतनामा दायर किया।
इस मामले में सुनवाई के लिए अदालत ने 15 दिसंबर की तारीख निश्चित की है। मंगलवार को तीनों में से कोई भी पेश नहीं हुआ। बता दें कि बिग बॉस सीजन-10 की प्रतिभागी रहीं आकांक्षा शर्मा ने अपनी अधिवक्ता स्वाति सिंह मलिक के माध्यम से सिविल जज इंदु बाला की अदालत में घरेलू हिंसा की याचिका दायर की थी।
याचिका में उन्होंने कहा था कि उसकी शादी वर्ष 2014 में हुई थी। इसके बाद से ही दोनों पति-पत्नी में अनबन रहने लगी। आकांक्षा के पति जोरावर सिंह ने उसके साथ मारपीट की थी। मां शबनम उन पर गर्भधारण करने का दबाव बना रही थी, उन्होंने इससे इंकार कर दिया था।
इस बात के मना करते ही उनका देवर क्रिकेटर युवराज सिंह अपनी मां के पक्ष में खड़ा हो गया और उसे मानसिक यातनाएं देने लगा। जब उन्होंने विरोध किया तो पति जोरावर सिंह ने चंडीगढ़ अदालत में तलाक के लिए अर्जी दे दी, जो विचाराधीन है।