दिल्ली के नरेला औद्योगिक क्षेत्र में शादी से इंकार करने पर युवती की हथौड़े से पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की पहचान यूपी के फिरोजाबाद निवासी अनिल (26) के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि वह काफी समय से युवती के साथ संबंधों में था। बार-बार शादी के लिए पूछने पर वह इंकार कर देती थी। 3 मई की रात दोनों के बीच झगड़ा हुआ और उसने युवती की हथौड़े से पीट-पीटकर हत्या कर दी।
पुलिस ने पश्चिम विहार से आरोपी को दबोचा। बाहरी-उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त गौरव शर्मा ने बताया कि 4 मई को नरेला औद्योगिक क्षेत्र में एक फैक्टरी मालिक ने अनिल के खिलाफ शिकायत दी थी।
उसने बताया था कि अनिल फैक्टरी पर ताला लगाकर फरार हो गया है। पुलिस की मौजूदगी में जब फैक्टरी का ताला खोला गया, तो अंदर युवती का शव पड़ा था।