ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र के अंतर्गत बिल्डर प्रोजेक्ट का ऑडिट कर रही कंपनी ‘क्यूरी एंड ब्राउन’ ने 18 बिल्डरों की रिपोर्ट मंगलवार को जमा कर दी है। बाकी सात बिल्डरों की रिपोर्ट 15 जनवरी तक तैयार हो जाएगी।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ बीके त्रिपाठी ने बताया कि पहले चरण में 25 बिल्डरों का ऑडिट कराया जा रहा है, जिसमें एजेंसी ने 18 बिल्डरों की रिपोर्ट जमा कर दी है। बाकी बिल्डरों से ब्योरा नहीं मिल सका था।
उनको मंगलवार की बैठक में बुलाया गया। इन सात बिल्डरों में शुभकामना, एवीजे, मॉर्फियस और अंतरिक्ष के नाम शामिल हैं। इन बिल्डरों से भी ब्योरा देने को कहा गया है। इनमें से तीन प्रोजेक्ट का ब्योरा 11 जनवरी तक और बाकी चार ने 15 जनवरी तक ब्योरा दे देने को कहा है।
इसके साथ ही प्रथम चरण का ऑडिट पूरा हो जाएगा। इनकी रिपोर्ट शासन को भेज दी जाएगी। साथ ही 25 और प्रोजेक्ट का ऑडिट करने के लिए एजेंसी को दे दिया जाएगा। 90 से अधिक प्रोजेक्ट का ऑडिट होना है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने यूनिटेक के एमडी को नोटिस जारी कर सेक्टर-पाई स्थित कैस्केड प्रोजेक्ट की लिफ्ट व रखरखाव के अन्य मुद्दों पर 15 जनवरी तक जवाब मांगा है। इसके बाद कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
बिल्डर सेल के वरिष्ठ कार्यपालक विवेक गोयल की तरफ से जारी नोटिस में कहा गया है कि जिन पांच टावर का कंप्लीशन सर्टिफिकेट ले लिया गया है, उनमें कितने फ्लैटों की रजिस्ट्री हो गई है, कितने फ्लैटों में लोग रहते हैं।
किस मद में कितना भुगतान कितने सदस्यों से लिया जा रहा है, इसकी ऑडिट बैलेंस शीट उपलब्ध कराएं। नोटिस में यह भी कहा गया है कि फायर फाइटिंग और लिफ्ट न चलने की शिकायत पर एक सप्ताह में रिपोर्ट मांगी गई थी, वह अब तक क्यों उपलब्ध नहीं कराई गई। इसे तत्काल दुरुस्त करवाकर रिपोर्ट प्राधिकरण में जमा करें। प्राधिकरण ने 15 जनवरी तक रिपोर्ट मांगी है।